Khan Sir Coaching Attack: पटना में मशहूर शिक्षक और छात्रों के बीच ‘खान सर’ के नाम से पहचाने जाने वाले फैसल खान के कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और पथराव की घटना ने काफी चर्चा बटोरी है। इस मामले में पुलिस ने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में एक अन्य कोचिंग संस्थान का संचालक भी शामिल बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। यह घटना मंगलवार रात कदमकुआं थाना क्षेत्र स्थित खान ग्लोबल कोचिंग इंस्टीट्यूट (Khan Global Coaching) में हुई।
खान सर के संस्थान में तोड़फोड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शुरुआती जांच और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने के बाद पुलिस को पता चला कि कुछ लोगों ने संस्थान के बाहर पथराव किया और संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। फुटेज में कुछ लोग ईंट-पत्थर फेंकते और संस्थान के बाहर लगे बोर्ड व अन्य सामान को नुकसान पहुंचाते दिखाई दिए हैं। घटना के बाद खान सर ने आरोप लगाया था कि कुछ असामाजिक तत्वों ने उनके संस्थान में तोड़फोड़ की और सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट भी की। उन्होंने यह भी कहा था कि हमलावरों को उनके संस्थान की बढ़ती लोकप्रियता और कम फीस में बेहतर शिक्षा दिए जाने से परेशानी हो सकती है।
कुछ लोगों की भूमिका संदिग्ध-पुलिस
हालांकि गोलीबारी की बात भी सामने आई थी, लेकिन पुलिस को अब तक ऐसे कोई सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि लिखित शिकायत में भी गोली चलने का उल्लेख नहीं किया गया है। जांच के दौरान पुलिस ने एक प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका संदिग्ध पाई। इसके आधार पर कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है। इस घटना में संस्थान के एक सुरक्षा गार्ड को चोटें आई हैं, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रशासन ने संस्थान के आसपास बढ़ाई सुरक्षा
वहीं प्रशासन ने संस्थान के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। बिहार सरकार ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। शिक्षा विभाग और पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। यदि किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार भी भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार कर रही है।
