शहर

एक थप्पड़ से शुरू हुआ विवाद, नाबालिग की मौत पर खत्म; गाजियाबाद में किशोरी को चौथी मंजिल से नीचे फेंका

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित कौशांबी में एक युवक ने किशोरी को चौथी मंजिल से नीचे फेंक दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। आरोपी वारदात से कुछ दिन पहले भी किशोरी के साथ बदसलूकी करते हुए उसे थप्पड़ मारा था।

Image

कौशांबी थाना गाजियाबाद

गाजियाबाद : जिले के कौशाम्बी थाना क्षेत्र स्थित भोवापुर गांव में एक बेहद रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 15 वर्षीय किशोरी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी युवक ने किशोरी को जबरन अपने कमरे में खींचकर चौथी मंजिल से नीचे सड़क पर फेंक दिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर हत्या के पीछे की मंशा जानने का प्रयास कर रही है।

घटना बुधवार रात करीब 10:00 बजे की है। पीड़िता की मां मंजू द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, उनकी बेटी रात के समय दूध लेने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक शाहनवाज उर्फ शानू ने उसे रास्ते में ही दबोच लिया और जबरन घसीटते हुए चौथी मंजिल पर स्थित अपने कमरे में ले गया। वहां से उसने किशोरी को सीधे नीचे सड़क पर नीचे फेंक दिया। परिजनों के अनुसार, आरोपी ने कुछ दिन पहले भी किशोरी के साथ बदसलूकी करते हुए उसे थप्पड़ मारा था।

लहूलुहान हालत में किशोरी को किया गया था भर्ती

घटना के तुरंत बाद चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने लहूलुहान किशोरी को पास के अस्पताल पहुंचाया। स्थिति अत्यंत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल रेफर कर दिया था, जहाँ गुरुवार को उपचार के दौरान किशोरी ने दम तोड़ दिया। आरोपी शाहनवाज मूल रूप से लोनी की पूजा कॉलोनी का रहने वाला है और भोवापुर में किराए पर रहता था। कौशाम्बी पुलिस ने मां की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article