Bihar Board 2024: बिहार बोर्ड कक्षा 12वीं की परीक्षा हुए काफी समय हो गया है। इस बीच कई शिक्षक हैं, जो बोर्ड परीक्षा की कॉपी जांच करने के कार्य में अपना योगदान नहीं दे रहे हैं। ऐसे में छात्रों का रिजल्ट लेट होने का भी अनुमान लगाया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, 4 मार्च तक बिहार बोर्ड 2024 (Bihar Board 2024) कक्षा 12वीं की परीक्षा कॉपियों की जांच प्रक्रिया पूरी होनी थी, लेकिन अभी भी कई केंद्र ऐसे हैं जहां 50 फीसदी कॉपियां भी चेक नहीं हुई है। स्थिति को देखते हुए बिहार बोर्ड ने एक बड़ा फैसला लिया है। इस फैसले के आधार पर जो परीक्षक कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा की कॉपियां चेक करने में अपना योगदान नहीं दे रहे हैं उन परिक्षकों पर FIR दर्ज की जाएगी।
कक्षा 12वीं की कॉपियां चेक नहीं कर रहे टीचर्स पर बोर्ड की सख्ती
चार मार्च तक होनी थी जांच प्रक्रिया पूरी
बिहार में कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2024 (Board Exam 2024) का आयोजन 1 फरवरी से 12 फरवरी 2024 के बीच किया गया था। परीक्षा के सफलतापूर्वक संपन्न होने के बाद मूल्यांकन केंद्रों पर कॉपी की जांच की प्रक्रिया 24 फरवरी से शुरू हुई। जांच प्रक्रिया 4 मार्च तक पूरी की जानी थी, लेकिन अभी भी कई केंद्रों पर आधी से ज्यादा कॉपियों ऐसे ही रखी हुई है। बिहार बोर्ड द्वारा मूल्यांकन कार्य की समीक्षा के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि जितने परीक्षकों को कॉपियों की जांच का जिम्मा दिया गया है, उसमें से अधिकांश मूल्यांकन कार्य में अपना योगदान नहीं दे रहे हैं। यदि कक्षा 12वीं की कॉपियों समय से चेक नहीं होती है, तो परीक्षा का रिजल्ट तैयार करने में और उसे जारी करने में समय लग जाएगा। परीक्षा देने के बाद छात्र बेसब्री से अपने रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं।
योगदान न देने वाले शिक्षकों पर होगी FIR
बिहार बोर्ड ने मूल्यांकन की समीक्षा के बाद कॉपियों की चेकिंग में अपना योगदान न देने वाले शिक्षकों पर FIR करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही समय से कार्य पूरा करने के लिए बोर्ड ने मुजफ्फरपुर जिले समेत सूबे के मूल्यांकन केंद्र पर सेवानिवृत्त शिक्षकों को लगाने के और कॉपियों की जांच के आदेश भी दिए हैं। स्थिति को समझते हुए बिहार बोर्ड ने DEO को स्थानीय स्तर पर परीक्षक की नियुक्ति करने का अधिकार दिया है। परीक्षा कॉपियों की जांच के लिए परीक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए अतिथि शिक्षक (Guest Teachers) और स्थानीय शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। लेकिन बता दें कि कार्यरत शिक्षकों को प्राथमिकता मिलेगी। बिहार बोर्ड जल्द से जल्द कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा कॉपियों की जांच प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास कर रही है।
