Taxi-Autorikshaw Fares Hike: मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर मंगलवार से बोझ बढ़ गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (MMRTA) ने ऑटोरिक्शा और काली-पीली टैक्सी के किराए में क्रमशः ₹1 और ₹2 की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। किराए में यह बदलाव 18 महीने के अंतराल के बाद हुआ है। इससे पहले 1 फरवरी 2025 को ऑटो और टैक्सी के न्यूनतम किराए में 3-3 रुपये की वृद्धि की गई थी।
मुंबई में बढ़ा टैक्सी-ऑटो किराया
ऑटोरिक्शा: न्यूनतम और प्रति किलोमीटर की नई दरें
- न्यूनतम किराया (पहले 1.5 किमी): ₹26 से बढ़कर ₹27 हो गया है।
- प्रति किलोमीटर दर: ₹17.14 से बढ़कर ₹18.22 प्रति किग्रा/किमी हो गई है।
काली-पीली टैक्सी
- न्यूनतम किराया (पहले 1.5 किमी): ₹31 से बढ़कर ₹33 हो गया है।
- प्रति किलोमीटर दर: ₹20.66 से बढ़कर ₹21.90 हो गई है।
किराया बढ़ाने के मुख्य कारण
यह फैसला खटुआ समिति द्वारा निर्धारित फॉर्मूले के आधार पर लिया गया है, जो ईंधन की कीमतों और वाहनों के परिचालन खर्च को ध्यान में रखता है। यह वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने भी मुंबई में CNG के दाम ₹2 प्रति किलोग्राम बढ़ाकर ₹88 प्रति किग्रा कर दिए हैं।
लाखों यात्री प्रभावित
MMR क्षेत्र में चलने वाली लगभग 4.5 लाख से अधिक ऑटोरिक्शा और 50,000 से अधिक काली-पीली टैक्सियां मुख्यतः CNG से चलती हैं।
चालकों को अपने इलेक्ट्रॉनिक मीटरों को री-कैलिब्रेट कराने के लिए नवंबर 2026 के अंत तक (3 महीने) का समय दिया गया है।
तब तक चालक RTO द्वारा स्वीकृत किराया तालिका दिखाकर या नए मीटर के आधार पर नया किराया वसूल सकते हैं। तय समय में मीटर सही न कराने पर चालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
महानगर गैस लिमिटेड ने बढ़ाए गैस के दाम
इससे पहले महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सोमवार को मुंबई और आसपास के इलाकों में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के दामों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की दरों में 1 रुपये प्रति SCM (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर) की बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरें 1 सितंबर की मध्य रात्रि से प्रभावी होंगी। इस संशोधन के बाद मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में CNG की नई कीमत 88 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।
