उत्तर प्रदेश की सियासत में विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन की तस्वीर धीरे-धीरे बदलती नजर आ रही है। पूर्व मंत्री और राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद मौर्य ने कहा कि उनकी पार्टी अब INDIA गठबंधन का हिस्सा होगी।
स्वामी प्रसाद मौर्य की पार्टी हुई इंडी गठबंधन में शामिल (File image)
मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी कांग्रेस और INDIA गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेगी। हालांकि, सीटों के बंटवारे और कितनी सीटों पर उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी, इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने संकेत दिया कि गठबंधन को लेकर आगे बातचीत के बाद तस्वीर साफ होगी।
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद लिया फैसला
स्वामी प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद गठबंधन में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी और राहुल गांधी की राजनीतिक प्राथमिकताओं में कई समानताएं हैं। मौर्य के मुताबिक, वह उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं, जबकि राहुल गांधी भी इन विषयों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाते हैं।मौर्य ने कहा कि दोनों पक्षों की विचारधारा और मुद्दों में समानता को देखते हुए साथ आने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।
‘बीजेपी हटाओ, देश बचाओ’ का दिया नारा
गठबंधन के ऐलान के साथ मौर्य ने अपनी राजनीतिक प्राथमिकता भी स्पष्ट की। उन्होंने ‘बीजेपी हटाओ, देश बचाओ’ और ‘संविधान बचाओ, बीजेपी हटाओ’ जैसे नारों का जिक्र किया। मौर्य ने राहुल गांधी को लेकर भी अपनी राजनीतिक राय जाहिर की और कहा कि वह उन्हें देश का अगला प्रधानमंत्री देखना चाहते हैं। हालांकि, गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी बातचीत बाकी है। मौर्य ने कहा कि राहुल गांधी के साथ हुई बैठक के बाद यह प्रक्रिया शुरू हुई है और आगे कई दौर की चर्चा हो सकती है।
