शहर

Nainital News: जिम कॉर्बेट में महिलाओं की जासूसी, शौच का वीडियो वायरल होने से मचा तहलका

कॉर्बेट में जंगली जानवरों की सुरक्षा के लिए जगह-जगह कैमरा ट्रैप लगाए गए हैं। इससे जानवरों की सुरक्षा तो सुनिश्चित हुई है, लेकिन जंगल में लकड़ी और घास के लिए जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। एक महिला का शौच के लिए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सर्विलांस कैमरा जला दिए। एक रिसर्च में यह बात सामने आई।

Image

कॉर्बेट में कैमरा ट्रैप का दुरुपयोग

Photo : Twitter

नैनीताल जिले में मौजूद मशहूर जिम कॉर्बेट में स्थानीय महिलाओं की जासूसी को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। यहां जंगल में घास, लकड़ी लेने और अन्य कामों के लिए जाने वाली महिलाओं की निजता खतरे में है। यहां एक महिला का शौच करते हुए वीडियो वायरल होने से स्थानीय लोग आक्रोश में आ गए। दरअसल यह सब खुलासे हुए हैं कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के रिसर्चर्स की एक रिपोर्ट में हुए हैं।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (CTR) में जानवरों की निगरानी के लिए जगह-जगह कैमरे और वॉइस रिकॉर्डर लगाए गए हैं। रिसर्च में सामने आया है कि इन कैमरे और वाइस रिकॉर्डर की मदद से स्थानीय महिलाओं को बिना उनकी इजाजत के रिकॉर्ड किया जा रहा है। इन कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर से बचने के लिए महिलाएं रास्ता बदलती हैं और उनके व्यवहार में भी बदलाव आया है, जिसके कारण उन पर जानवरों के हमले भी बढ़े हैं।

जानवरों की सुरक्षा के लिए अहम कैमरे

जंगल में लगाए गए कैमरा ट्रैप और ड्रोन रिजर्व फॉरेस्ट में जानवरों की सुरक्षा के लिए काफी अहम साबित हुए हैं। लेकिन कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने इनके मिसयूज के भी मामलों को भी उजागर किया है। उन्होंने पाया कि स्थानीय अधिकारी और गांव के कुछ पुरुष जंगल में लकड़ियां चुनने और घास काटने के लिए जाने वाली महिलाओं की जासूसी के लिए इनका इस्तेमाल करते हैं। ज्यादातर ऐसे लोग टाइगर रिजर्व के अंदर या आसपास के गांवों के हैं और इन गैजेट्स का मिसयूज करके बिना सहमति के महिलाओं पर नजर रखने के लिए इस्तेमाल करते हैं।

कैंब्रिज के शोधकर्ताओं ने यहां रहने वाली महिलाओं सहित ढाई सौ से ज्यादा लोगों का इंटरव्यू लिया, जिसे कैंब्रिज की पत्रिका एनवायरनमेंट एंड प्लानिंग एफ में प्रकाशित किया गया है। प्रमुख शोधकर्ता का कहना है कि महिलाएं अब जंगल में जाने से घबरा रही हैं। कॉर्बेट जो उनके लिए एक सुरक्षित जगह होती थी, अब वैसी नहीं रही।

शौच के लिए गई महिला का वीडियो वायरल

इसी शोध के दौरान पता चला कि एक स्थानीय महिला शौच के लिए जंगल में गई थी। इस दौरान कैमरा ट्रैप में उसका वीडियो कैद हो गया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया और फिर व्हाट्सएप के जरिए धडल्ले से शेयर होने लगा। जाहिर सी बात है कि जंगल में लगाए गए कैमरा ट्रैप का दुरुपयोग हुआ है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद ग्रामीणों की नाराजगी जाहिर थी और उन्होंने गुस्से में कुछ कैमरों को जला दिया।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article