Mumbai Pune Expressway Traffic Jam: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले शुक्रवार को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर भीषण ट्रैफिक जाम में फंसे गईं। दरअसल, सुप्रिया सुले महाराष्ट्र दिवस के मौके पर एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुंबई से पुणे जा रही थीं, लेकिन लोणावला-खंडाला घाट सेक्शन में लगे भीषण जाम में फंस गईं। इस दौरान, सुप्रिया सुले ने जाम में फंसे लोगों से बात की और उसका वीडियो शेयर किया।
एक्सप्रेसवे पर जाम में फंसी सुप्रिया सुले
जाम में फंसी सुप्रिया सुले ने अपने आस-पास मौजूद वाहन चालकों से बातचीत की, जिसमें उन्होंने अपनी पीड़ा जताते हुए कहा कि 2 घंटे हो गए हैं। सुप्रिया सुले की इसी बात से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि एक्सप्रेसवे पर कितना भीषण जाम लगा होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर करीब 5 किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार देखी गई, जिससे यात्रियों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
वीडियो में सुप्रिया सुले को एक लाल रंग की कार में बैठे व्यक्ति के साथ 'मराठी' में बातचीत करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान सुप्रिया सुले ने भी अपनी परेशानी साझा की। बातचीत के अंत में सामने वाले व्यक्ति ने 'जय महाराष्ट्र' का नारा लगाया।
ध्वाजारोहण कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाईं सुप्रिया
सुप्रिया सुले सुबह करीब 7:30 बजे मुंबई से पुणे जा रही थीं, लेकिन जाम की वजह से पुणे में पार्टी के ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाईं। सुप्रिया सुले ने बताया कि वह करीब दो घंटे तक जाम में फंसी रहीं। वीडियो में उन्होंने इस स्थिति को आम लोगों की रोजमर्रा की यात्रा की चुनौतियों की झलक बताया।
'पवार परिवार एकजुट'
इससे पहले, सुप्रिया सुले ने गुरुवार को साफ किया था कि पवार परिवार एक जुट है। उन्होंने कहा था, ''पवार परिवार कल भी एकजुट था, आज भी एकजुट है और कल भी एकजुट रहेगा। राजनीति और परिवार को कभी भी एक नहीं समझना चाहिए। मैं अपने पारिवारिक रिश्तों को बहुत मानती हूं और उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की मेरी कोई इच्छा नहीं है। मेरी ने पिछले चुनाव में इच्छा थी और न ही 2029 में होगी।
