पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता (Kolkata) स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) में एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया है। शनिवार सुबह कैंपस में पुलिस की कार्रवाई के बाद छात्रों और पुलिस के बीच विवाद होने का मामला सामने आया है। छात्रों का आरोप है कि पुलिसकर्मी कैंपस में पहुंचे और उनके विरोध-प्रदर्शन के लिए बनाए गए मंच को तोड़ दिया। इस दौरान वहां रखा फर्नीचर और दूसरा सामान भी हटा दिया गया। वहीं, संस्थान प्रशासन का कहना है कि अदालत के आदेश के बाद यह कार्रवाई की गई है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाइस देते पुलिसकर्मी (Times Now Navbharat)
सुबह-सुबह कैंपस में पहुंचा पुलिस का बड़ा दस्ता
छात्रों के मुताबिक, शनिवार सुबह पुलिस का एक बड़ा दस्ता SRFTI कैंपस में दाखिल हुआ। पुलिसकर्मियों ने विरोध-प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल की जा रही जगह को खाली कराना शुरू कर दिया। छात्रों का दावा है कि प्रदर्शन स्थल पर रखा फर्नीचर और अन्य सामान दो छोटी पिक-अप वैन में लादकर कैंपस से बाहर ले जाया गया। छात्रों का कहना है कि वहां रखा सामान संस्थान की ही संपत्ति था। इसके बावजूद उसे बिना उनकी सहमति के हटा दिया गया। इस कार्रवाई के बाद कैंपस में तनाव बढ़ गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: रोहतक मिलन ढाबा गैंगवार में बड़ा खुलासा! सन्नी रिटोलिया की गर्लफ्रेंड ही निकली भाऊ गैंग की मुखबिर
छात्रों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
छात्रों का आरोप है कि जब उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की, तो पुलिसकर्मियों के साथ उनकी झड़प हो गई। कुछ छात्रों ने पुलिस पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। एक छात्र के मुताबिक, पुलिसकर्मियों ने कई छात्रों को घसीटकर वहां से हटाया। इसके अलावा छात्राओं के साथ भी बदसलूकी किए जाने का आरोप लगाया गया है। छात्रों ने दावा किया कि इस दौरान उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया गया। हालांकि, पुलिस की ओर से इस पूरे मामले में क्या सफाई दी गई है, इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं है। इसलिए छात्रों की ओर से लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन ने क्या कहा?
दूसरी ओर, SRFTI प्रशासन ने इस मामले पर अपना पक्ष रखा है। संस्थान की ओर से जारी बयान में कहा गया कि छात्रों का एक समूह पिछले एक महीने से ज्यादा समय से कैंपस में अवैध रूप से कब्जा जमाए हुए था। प्रशासन के मुताबिक, इस मामले में अदालत ने हस्तक्षेप किया था। इसके बाद कोलकाता पुलिस की मदद से प्रदर्शन के लिए बनाए गए ढांचे को हटाया गया। प्रशासन ने इस कार्रवाई को अवैध ढांचे को हटाने की प्रक्रिया बताया है।
कैंपस में फिर बढ़ा विवाद
इस घटना के बाद SRFTI में छात्रों और प्रशासन के बीच तनाव एक बार फिर चर्चा में आ गया है। एक तरफ छात्र पुलिस की कार्रवाई को गलत बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रशासन इसे अदालत के हस्तक्षेप के बाद उठाया गया कदम बता रहा है। फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों के दावे सामने आए हैं। आने वाले समय में यह देखना होगा कि प्रशासन और छात्रों के बीच इस विवाद का समाधान कैसे निकलता है।
