झारखंड के गिरिडीह के इसरी बाजार में तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने कई वाहनों और लोगों को कुचल दिया, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू करते हुए ट्रक को कब्जे में ले लिया।
गिरिडीह तेज रफ्तार ट्रक ने कई लोगों को कुचला
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा निमियाघाट थाना क्षेत्र के पुराने जीटी रोड पर मुख्य बाजार में रात करीब 8:30 बजे उस समय हुआ, जब एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी। निमियाघाट थाना अधिकारी सुमन कुमार ने बताया, "चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सात लोगों में से दो को निजी अस्पताल ले जाया गया जबकि पांच अन्य लोगों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पलामू में दीवार गिरने से दो की मौत
झारखंड के पलामू जिले में शुक्रवार को एक जर्जर मकान की दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब एक बजे बिश्रामपुर पुलिस थाना क्षेत्र के पहाड़ गेरुआ गांव में घटी। पुलिस ने कहा कि मृतकों की पहचान सतीश बैठा (20) और दुखी भुइयां (60) के रूप में हुई है। सतीश मकान मालिक प्रदीप उर्फ गटौरी बैठा का पुत्र है जबकि भुइयां गांव का मजदूर था।
बिश्रामपुर थाना प्रभारी ऋषिकेश दुबे ने बताया, "पीड़ित लोग पानी पी रहे थे तभी अचानक दीवार गिर गई और वे मलबे के नीचे दब गए। मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सतीश को मेदिनीराई मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब परिसर में मरम्मत का काम चल रहा था। दुबे ने बताया, "मरम्मत के काम में तीन से चार मजदूर लगे हुए थे। प्रारंभिक जांच में पता चला कि बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।"
