शहर

जंतर-मंतर पर विपक्ष : सोनम वांगचुक से मिलने पहुंचीं सांसद डिंपल यादव, 19वें दिन अनशन जारी

जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक का अनशन आज 19वें दिन में प्रवेश कर गया है। सपा सांसद डिंपल यादव ने उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और उनके साहस की सराहना की।

Image

जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक से मिलने पहुंची सांसद डिंपल यादव

दिल्ली : समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव आज दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचीं। यहां उन्होंने पर्यावरणविद् और कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की, जो अपनी मांगों को लेकर पिछले 19 दिनों से लगातार भूख हड़ताल पर बैठे हैं। डिंपल यादव का यह दौरा सोनम वांगचुक के आंदोलन के प्रति विपक्षी एकजुटता और समर्थन के रूप में देखा जा रहा है।

आंदोलन के समर्थन में पहुंचीं डिंपल यादव

जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक का अनशन आज 19वें दिन में प्रवेश कर गया है। सपा सांसद डिंपल यादव ने उनके स्वास्थ्य का हाल जाना और उनके साहस की सराहना की। इस दौरान उन्होंने सरकार से वांगचुक की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। डिंपल यादव की उपस्थिति ने इस आंदोलन को और अधिक चर्चा में ला दिया है।

सोनम वांगचुक अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं और उनके समर्थन में देश भर से विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का हुजूम जंतर-मंतर पहुंच रहा है। 19 दिनों से चल रहे इस अनशन के कारण वांगचुक की सेहत को लेकर चिंताएं भी बढ़ती जा रही हैं, जिसके चलते समर्थकों का जमावड़ा लगातार बढ़ रहा है।

केजरीवाल जाएंगे जंतर-मंतर

पीटीआई/भाषा के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी जंतर-मंतर पर कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मिलने जाएंगे जो 19 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। पुलिस सूत्रों ने कहा कि उनके दौरे से पहले जंतर-मंतर और उसके आस-पास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर विरोध-प्रदर्शन वाली जगह और आस-पास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है।

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संजोयक ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) और अन्य परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ ’कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) द्वारा जंतर-मंतर पर किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है। वांगचुक बाद में इस आंदोलन में शामिल हुए और तब से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।

केजरीवाल ने कहा है कि ’आप’, कॉजपा के विरोध-प्रदर्शन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तुरंत इस्तीफे की उसकी मांग का समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि वह बृहस्पतिवार शाम वांगचुक से मुलाकात करेंगे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अतिरिक्त तैनाती जंतर-मंतर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित सुरक्षा इंतजामों का हिस्सा है; जंतर-मंतर विरोध-प्रदर्शन के लिए तय की गई जगह है, जहां अक्सर प्रदर्शन होते रहते हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!