देश

NEET Paper Leak: 'देश के खिलाफ अपराध'... CBI ने कोर्ट में क्यों कहा ऐसा? 111 सवाल NTA के मास्टर पेपर से मिले

NEET-UG पेपर लीक मामले में CBI ने दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में आरोपी डॉ. मनोज सिरूरे की जमानत का विरोध करते हुए इसे "देश के खिलाफ अपराध" बताया। एजेंसी ने कहा कि इस घोटाले ने लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया और देश की साख को नुकसान पहुंचाया। CBI ने यह भी खुलासा किया कि महाराष्ट्र के लातूर के एक कोचिंग संचालक के मोबाइल से मिले 136 हस्तलिखित केमिस्ट्री सवालों में से 111 सवाल NTA के मास्टर प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं।

Image

नीट पेपर लीक मामले पर कोर्ट में हुई सुनवाई। AI IMAGE

NEET Paper Leak: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में NEET-UG 2024 पेपर लीक मामले के आरोपी डॉ. मनोज सिरूरे की जमानत याचिका का पुरजोर विरोध किया। अदालत में सुनवाई के दौरान एजेंसी ने कहा कि पेपर लीक का यह अपराध सिर्फ एक परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के खिलाफ एक बड़ा अपराध है जिसने भारत की प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचाया है।

सीबीआई ने दलील देते हुए अदालत से कहा कि इस लीक कांड की वजह से लाखों योग्य छात्रों का भविष्य अधर में लटका और कई मायूस होकर आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर हुए।डॉ. मनोज सिरूरे पर परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र तक अनधिकृत पहुंच बनाने और उसे लीक करने के नेटवर्क में मुख्य भूमिका निभाने का आरोप है।

जमानत याचिका पर अदालत 22 जुलाई को सुनाएगी फैसला

जांच एजेंसी ने दलील दी कि मामले की संवेदनशीलता और मुख्य साजिशकर्ताओं तक पहुंचने के लिए आरोपी को फिलहाल राहत नहीं दी जानी चाहिए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद राउज एवेन्यू कोर्ट ने जमानत याचिका पर अपना फैसला 22 जुलाई तक के लिए सुरक्षित रख लिया है।

इसके अलावा, एजेंसी ने बताया कि महाराष्ट्र के लातूर स्थित एक कोचिंग सेंटर संचालक के मोबाइल फोन से मिले 136 हस्तलिखित केमिस्ट्री सवालों में से 111 सवाल राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के मास्टर प्रश्नपत्र से हूबहू मेल खाते हैं। CBI ने यह जानकारी आरोपी की जमानत याचिका का विरोध करते हुए अदालत में दी।

10 लाख रुपये में बेची गई थी पीडीएफ

CBI के मुताबिक, लीक हुए प्रश्नपत्रों की PDF फाइलें टेलीग्राम के जरिए 10 लाख रुपये में बेची गईं। जांच में यह भी सामने आया कि परीक्षा से पहले 410 सवालों वाला 150 पन्नों का एक "गेस पेपर" भी कुछ अभ्यर्थियों को दिया गया था, जिसमें से करीब 120 सवाल NEET-UG 2026 के केमिस्ट्री सेक्शन में पूछे गए।

अब तक 13 गिरफ्तार

इस मामले में CBI अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें शिक्षक और छात्र दोनों शामिल हैं। गिरफ्तारियां दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, पुणे, नासिक, लातूर और अहिल्यानगर समेत कई शहरों से की गई हैं। एजेंसी पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और पेपर लीक के पूरे रैकेट का पता लगाने में जुटी है।
Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article