शहर

Sonipat Accident: खरखौदा IMT के पास भीषण हादसा, मजदूरों से भरी वैन टकराई; ड्राइवर समेत 3 की मौत, 9 घायल PGI रेफर

Sonipat KMP Expressway Accident: सोनीपत में KMP एक्सप्रेसवे पर खरखौदा IMT के पास तड़के 4:30 बजे मजदूरों से भरी ईको गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में ड्राइवर समेत 3 लोगों की मौत हो गई और 9 गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को रोहतक PGI रेफर किया गया है।

Image

सोनीपत में भीषण सड़क हादसा

Sonipat KMP Expressway Accident: हरियाणा के सोनीपत जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खरखौदा IMT के पास मजदूरों से भरी एक ईको गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस भीषण टक्कर में ईको चालक समेत 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गाड़ी में सवार सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के रहने वाले थे, जो हरियाणा में बाजरा काटने के सिलसिले में जा रहे थे।

तड़के 4:30 बजे हुआ हादसा, 12 लोग थे सवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब साढ़े 4 बजे (4:30 AM) हुआ। ठेकेदार यूपी के पीलीभीत से इन सभी मजदूरों को एक ईको गाड़ी में लेकर हरियाणा के झज्जर जिले की ओर जा रहा था। ईको गाड़ी में क्षमता से अधिक कुल 12 लोग सवार थे। जैसे ही गाड़ी KMP एक्सप्रेसवे पर खरखौदा IMT के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और चीख-पुकार मच गई।

खरखौदा से रोहतक PGI किए गए रेफर

हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों और पुलिस की मदद से सभी घायलों व मृतकों को तुरंत खरखौदा के सिविल अस्पताल लाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने ड्राइवर समेत 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद, दुर्घटना में घायल हुए 9 अन्य मजदूरों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रोहतक PGI रेफर कर दिया गया है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद खरखौदा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। इसके साथ ही पीलीभीत में मृतकों और घायलों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि दुर्घटना किसी अन्य वाहन की टक्कर से हुई या ड्राइवर को झपकी आने की वजह से गाड़ी अनियंत्रित हुई।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article