शहर

सिक्किम में कुदरत का कहर, सांगु झील के पास भारी बर्फबारी में फंसे 350 वाहन, सेना ने शुरू किया रेस्क्यू

सिक्किम की सांगु झील (Tsangu) के पास भारी बर्फबारी के कारण लगभग 350 पर्यटक वाहन फंस गए हैं। भारतीय सेना और पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर बच्चों और महिलाओं समेत कई पर्यटकों को सुरक्षित कैंपों में पहुंचाया है।

Image

भारी बर्फबारी से सिक्किम में आफत (सांकेतिक चित्र)

Sikkim Snowfall: सिक्किम के पूर्वी हिस्से में स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सांगु (Tsangu/Changu Lake) के पास रविवार को हुई भारी बर्फबारी ने सैकड़ों पर्यटकों के सफर में बाधा डाल दी है। जवाहरलाल नेहरू (JN) रोड पर सिप्सु और 16वें मील के बीच करीब 350 पर्यटक वाहन फंस गए हैं।

अचानक हुई बर्फबारी से फंसी गाड़ियां

रविवार सुबह करीब 11:30 बजे शेरथांग और सांगु झील के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में अचानक तेज बर्फबारी शुरू हो गई। देखते ही देखते सड़कों पर बर्फ की मोटी परत जम गई, जिससे जवाहरलाल नेहरू रोड पर वाहनों का चलना असंभव हो गया। शेरथांग पुलिस और प्रशासन के अनुसार, लगभग 350 वाहन इस बर्फबारी की चपेट में आ गए। एहतियात के तौर पर सेना ने फिलहाल इस पूरे रूट पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।

सेना और पुलिस का साझा रेस्क्यू ऑपरेशन

पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारतीय सेना, सिक्किम पुलिस, जीआरईएफ (GREF) और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर एक संयुक्त बचाव अभियान चलाया है। भारी बर्फ के बीच फंसे पर्यटकों और ड्राइवरों को सुरक्षित निकालने का काम युद्ध स्तर पर जारी है।

46 पर्यटकों को सेना के कैंप में मिली शरण

बर्फबारी और कड़ाके की ठंड को देखते हुए, बच्चों और महिलाओं समेत करीब 46 पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। उन्हें 17वें मील पर स्थित सेना के ट्रांजिट कैंप में ठहराया गया है, जहाँ उनके लिए खाने-पीने और रहने की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि जब तक मौसम में सुधार नहीं होता और सड़कें साफ नहीं कर दी जातीं, तब तक इन्हें कैंप में ही सुरक्षित रखा जाएगा।

सांगु झील: खूबसूरती के साथ अचानक बदलता मौसम

सांगु झील सिक्किम का बेहद लोकप्रिय टूरिस्ट डेस्टिनेशन है, जहां रोजाना हजारों सैलानी पहुंचते हैं। हालांकि, समुद्र तल से काफी ऊंचाई पर स्थित होने के कारण यहां का मौसम पलक झपकते ही बदल जाता है। प्रशासन ने पर्यटकों को सलाह दी है कि वे ऊंचे इलाकों की यात्रा करने से पहले मौसम विभाग के अपडेट और स्थानीय पुलिस के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article