मध्य प्रदेश के सीधी जिले की पुलिस ने फिल्मी अंदाज में जाल बिछाकर महिला हेड कॉन्स्टेबल की हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार किया। वह करीब एक साल से फरार चल रहा था। आरोपी को महाराष्ट्र में मुंबई के पास स्थित रायगढ़ जिले के इंडस्ट्रियल इलाके से सीधी पुलिस ने दबोचा। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी वहां ड्राइवर बनकर छिपकर रह रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर सीधी एसपी ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
सीधी की महिला कांस्टेबल हत्याकांड का आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार
क्या था पूरा मामला?
यह पूरी मामला 15 सितंबर 2025 की रात का है। सीधी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में तैनात महिला हेड कांस्टेबल सविता साकेत की उनके ही पति वीरेंद्र साकेत ने हत्या कर दी थी। दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना की रात भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। महिला की बेटी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने हत्या की धारा 103(1) BNS के तहत केस दर्ज किया था।
गुजरात से बंगाल तक दबिश
हत्या के बाद आरोपी पुलिस से छिपने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। सीधी पुलिस ने उसकी तलाश में गुजरात, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के कई जिलों में छापेमारी की, लेकिन वह बार-बार पुलिस की गिरफ्त से बच निकलता था। हाल ही में मुखबिर और साइबर सेल के जरिए पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वीरेंद्र सीधी से करीब 1300 किलोमीटर दूर महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के एक इंडस्ट्रियल एरिया में रह रहा है और एक कंपनी में ड्राइवरी का काम कर रहा है।
आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने बदला हुलिया
आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने पुख्ता जाल बिछाया। पुलिस को पता चला कि आरोपी हर दिन अपनी गाड़ी की हवा चेक कराने और मेंटेनेंस के लिए पास की ही एक पंचर की दुकान पर आता है। आरोपी को पकड़ने के लिए सीधी कोतवाली पुलिस के जवान अपना हुलिया बदलकर उस दुकान पर बैठ गए। जहां वे पंचर बनाने और टायर में हवा भरने का काम करने लगे। जैसे ही आरोपी अपनी गाड़ी में हवा चेक करवाने दुकान पर पहुंचा, घात लगाकर बैठे पुलिसकर्मियों ने उसे चारों तरफ से घेरकर काबू कर लिया।
कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के बाद पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर सीधी पहुंच गई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
