Shajapur Bus Fire Accident: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक प्राइवेट बस में कथित तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने के कारण चार वर्षीय बालक की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि, यह घटना शुक्रवार देर रात उस समय हुई, जब इंदौर-ग्वालियर इंटरसिटी एसी बस मकसी और शाजापुर के बीच होटल जैन पथ के पास खड़ी थी। तराना थाना प्रभारी आरएनएस भदौरिया ने बताया कि कुछ यात्री जलपान के लिए बस से नीचे उतर गए थे, जबकि कुछ यात्री बस के अंदर ही मौजूद थे।
शाजापुर में दिल दहला देने वाला हादसा
बस में अचानक लगी आग
जानकारी के मुताबिक, इसी दौरान बस में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बस की खिड़कियां और शीशे तोड़ दिए, जबकि चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, आग पर काबू पाने के बाद चार वर्षीय अनय जैन कई घंटों तक लापता रहा। अधिकारियों ने बताया कि बस का दरवाजा और खिड़कियां तोड़ने के लिए जेसीबी मशीन का इस्तेमाल किया गया, जबकि बस के पिछले हिस्से को काटने के लिए वेल्डर बुलाया गया, ताकि बच्चे की तलाश की जा सके।
मामले की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि करीब दो घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद सीट के नीचे से बच्चे का कंकाल बरामद किया गया। मृतक बच्चे के पिता अभिषेक जैन ने बताया कि वह अपनी पत्नी और दो बेटों के साथ रात करीब 10 बजे इंदौर से शिवपुरी जाने के लिए बस में सवार हुए थे। अभिषेक ने आरोप लगाया कि यात्रियों ने बस के अंदर तार जलने जैसी गंध आने की शिकायत चालक से की थी, लेकिन उसने इसे नजरअंदाज कर दिया। थाना प्रभारी भदौरिया ने बताया कि इस संबंध में तराना थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
