शहर

Shivpuri News: शिवपुरी में 'डेथ ट्रैप' बना वॉटरफॉल! झरने पर नहाने के बाद फैली बीमारी, 10 दिन में एक ही परिवार के 4 बच्चों की मौत

Shivpuri Crime: मध्य प्रदेश के शिवपुरी में एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिजिकल थाना क्षेत्र के रहने वाले एक परिवार के चार बच्चों की महज 10 दिनों के भीतर संदिग्ध बीमारी से मौत हो गई।

Image

शिवपुरी में अज्ञात बीमारी का खौफनाक तांडव

Photo : Times Now Digital

Shivpuri Crime: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक अत्यंत दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र में एक ही परिवार पर रहस्यमयी बीमारी का कहर बनकर टूटा है। महज 10 दिनों के भीतर परिवार के चार मासूम बच्चों की एक के बाद एक मौत हो गई। इस भयानक त्रासदी के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल व्याप्त है। मृतकों में तीन सगे भाई और उनके एक रिश्तेदार का बेटा शामिल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तनवीर अहमद के परिवार और रिश्तेदारों के करीब 16 लोग 16 अगस्त को गोरा टीला के पास स्थित एक झरने पर पिकनिक मनाने और नहाने गए थे। वहां से लौटने के कुछ दिनों बाद, यानी 21 अगस्त से बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने बताया कि बच्चों को तेज बुखार, पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी। सबसे पहले 14 वर्षीय बेटे ताहिर को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इसके बाद 10 वर्षीय अयाज और दो अन्य बच्चों ने भी दम तोड़ दिया। एक ही घर से लगातार चार बच्चों के शव निकलने से परिजन पूरी तरह टूट चुके हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में जांच शुरू की। एडीएम दिनेश चंद शुक्ला ने बताया कि एहतियात के तौर पर झरने पर गए 62 लोगों के हेल्थ सैंपल लिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट का इंतजार

साथ ही झरने के पानी के सैंपल भी जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। सैंपलिंग के दौरान परिवार की तीन और बच्चियों में भी बीमारी के लक्षण पाए गए, जिसके बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर भेजा गया है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौतों के सही कारणों का पता चल सके।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article