Shiva Sharma Shraddha Dubey Case: लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश तेज हो गई है। लखनऊ पुलिस की टीम आरोपी की तलाश में रायबरेली पहुंची है। रायबरेली में श्रद्धा दुबे के आवास पर पुलिस टीम परिजनों से पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार लखनऊ से एसएचओ समेत कई सिपाही रायबरेली पहुंचे हैं। पुलिस टीम श्रद्धा दुबे के पिता एसपी दुबे और उनकी सौतेली मां से पूछताछ कर रही है। पूछताछ घर के अंदर बंद कमरे में चल रही है। शहर कोतवाली क्षेत्र के राम जी पुरम में श्रद्धा दुबे का आवास है।
श्रद्धा दुबे की पूछताछ में जुटी पुलिस (फोटो साभार- stylebookbyshraddha)
रायबरेली में श्रद्धा दुबे को ढूंढ़ने पहुंची पुलिस
बता दें कि रायबरेली में ही रहकर श्रद्धा दुबे ने अपनी शुरुआती शिक्षा ग्रहण की थी। सूत्रों के अनुसार बीते दिनों श्रद्धा दुबे रायबरेली आई थी। इसी इनपुट के आधार पर लखनऊ पुलिस की टीम रायबरेली पहुंची है। शिवा हत्या कांड के बाद से श्रद्धा दुबे फरार है। पुलिस उसे अभी तक खोज नहीं पाई है। इस मामले में पुलिस ने श्रद्धा दुबे की तलाश के लिए 10 टीमें लगाई हुई हैं, लेकिन इसके बावजूद वह पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस श्रद्धा दुबे के साथ-साथ उसकी बहन और 2 अन्य साथियों की भी तलाश कर रही है।
श्रद्धा दुबे को बनाया गया है मुख्य आरोपी
यह मामला लखनऊ का चर्चित मामला बन गया है, जिसमें शिवा शर्मा की संदिग्ध मौत हुई थी। इस मामले में श्रद्धा दुबे को मुख्य आरोपी बनाया गया है। घटना के बाद से ही वह फरार चल रही है और पुलिस लगातार उसकी लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश कर रही है। लखनऊ पुलिस की कई टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है। अब रायबरेली में उसके पैतृक आवास पर पहुंचकर पुलिस उसके परिवार से जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है ताकि उसकी लोकेशन का पता चल सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- 'मेरी बहन को जबरदस्ती...' शिवा शर्मा मौत मामले में आरोपी श्रद्धा दुबे का पहला बयान आया सामने
श्रद्धा दुबे ने मीडिया के सामने दिया था बयान
हैरानी की बात यह है कि एक दिन पहले ही आरोपी श्रद्धा दुबे मीडिया के सामने आई थी और खुद को निर्दोष बताया था। श्रद्धा ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। श्रद्धा दुबे ने कहा था, "उनके खिलाफ लगाए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। सिर्फ किसी के कह देने से वह हत्यारे नहीं हो जाते। यह सुसाइड था, मैंने उसे अपनी बिल्डिंग की चौथी मंजिल से कूदते हुए देखा था। अगर मेरी बिल्डिंग की सीसीटीवी फुटेज निकाली जाए तो मेरी बेगुनाही साबित हो जाएगी, लेकिन किसी वजह से वह फुटेज अभी तक नहीं निकाली गई है। नेपाल बॉर्डर तक की फुटेज निकाली गई है तो मेरी बिल्डिंग की फुटेज निकालने में क्या दिक्कत है?"
