शहर

Shahjahanpur: बदमाश ने दारोगा की छीनी पिस्टल, कोतवाल ने मारी गोली; हुआ बुरा हाल

यूपी के शाहजहांपुर में थाना रामचंद्र मिशन की पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने वाले शातिर लुटेरे अशरफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

Image

लुटेरे अशरफ का एनकाउंटर

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

शाहजहांपुर: थाना रामचंद्र मिशन की पुलिस ने लूट की घटना को अंजाम देने वाले शातिर लुटेरे अशरफ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मुठभेड़ के बाद शातिर को पकड़ा है। पुलिस की गिरफ्त में आया लुटेरा अशरफ इतना शातिर है कि जब पुलिस टीम उसे अपने साथ ले जाकर उसके बताए गए ठिकाने पर तमंचा बरामद करने पहुंची तो शातिर अशरफ दारोगा की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायर करने लगा। बदमाश अशरफ के फायर से टीम के कई पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। तभी थाना रामचंद्र मिशन के कोतवाल सी पी शुक्ला ने अपनी पिस्टल से लुटेरे अशरफ को गोली मारकर घायल कर दिया।

शख्स से लूटे थे 50 हजार

शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि 12 जून को स्कूटी सवार दो लुटेरों ने सत्यपाल नाम के शख्स को लिफ्ट देने के बहाने अपनी स्कूटी पर बैठा लिया और फिर नेशनल हाईवे से होते हुए रोजा मंडी के पास सहारा ग्राउंड में ले जाकर तमंचे के बल पर उनसे 50 हजार रुपये लूट लिए। लूट की घटना के बाद पीड़ित सत्यपाल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। तत्काल एसपी ने लुटेरों को पकड़ने के लिए चार टीमें बनाईं। तभी कल मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि लूट की घटना को अंजाम देने वाला एक लुटेरा नेशनल हाईवे-24 पर बस का इंतजार कर रहा है।

दारोगा से छीनी पिस्टल

थाना रामचंद्र मिशन पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर लुटेरे अशरफ को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश अशरफ ने पुलिस को बताया कि लूट की घटना को अंजाम देने में उसने तमंचा और कारतूस नेशनल हाईवे किनारे झाड़ियों में छिपा दिया है। जब देर रात पुलिस टीम अशरफ को लेकर उसकी बताई गई जगह पर तमंचा बरामद करने पहुंची तभी अचानक शातिर ने दरोगा सत्येंद्र सिंह की पिस्टल छीन ली और पुलिस टीम पर फायर करने लगा। उसी दौरान थाना रामचंद्र मिशन के कोतवाल चंद्र प्रकाश शुक्ला ने अपनी पिस्तौल से बदमाश अशरफ को गोली चला दी। फिलहाल, घायल बदमाश को पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article