सतना : मध्य प्रदेश के सतना में लगातार भारी बारिश और बाढ़ से बिगड़े हालात के बीच भाजपा कार्यालय में पानी भरने को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत के सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सतना से भाजपा सांसद गणेश सिंह ने कांग्रेस पर संकट के समय राजनीति करने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस बेहद निम्न स्तर की राजनीति कर रही है और उसके नेता केवल बयानबाजी में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ प्रभावित और पीड़ित लोगों की मदद करते हुए कांग्रेस का कोई कार्यकर्ता दिखाई नहीं दे रहा है। गणेश सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लोगों की जान बचाने के लिए लगातार काम किया, जिसके चलते प्रभावित इलाकों से मानव हानि की खबर नहीं है।
सतना में भारी बारिश के कारण हालात गंभीर बने हुए हैं। शहर में कुछ ही घंटों की मूसलाधार बारिश के बाद कई सड़कें और निचले इलाके जलमग्न हो गए। भाजपा कार्यालय परिसर में भी करीब चार फीट तक पानी भर गया। रिपोर्ट के मुताबिक, तीन घंटे में 56 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सुबह से कुल बारिश 90 मिमी से अधिक पहुंच गई थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - Kal Ka Mausam : जन्माष्टमी पर बादल रहेंगे मेहरबान, 18 राज्यों में बारिश होगी मूसलाधार; बाढ़, बिजली गिरने का अलर्ट
कांग्रेस पर संवेदनहीन होने का आरोप
गणेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस को आपदा के समय राजनीति करने के बजाय पीड़ित लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। उनके मुताबिक, यह प्राकृतिक आपदा और संकट का समय है, इसलिए सभी राजनीतिक दलों और लोगों को एकजुट होकर प्रभावित परिवारों की सहायता करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सतना क्षेत्र में पहले भी 2003 और 1978 में बाढ़ आ चुकी है, लेकिन लंबे समय से क्षेत्र में रहने वाले लोगों का मानना है कि इस बार हालात ज्यादा गंभीर और अभूतपूर्व रहे। सांसद के अनुसार, इस बार पानी का स्तर अचानक तेजी से बढ़ा, जिससे कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई।
भाजपा कार्यालय में पानी भरने के बाद छिड़ी बहस
भारी बारिश के बाद सतना स्थित भाजपा कार्यालय में पानी भरने का वीडियो सामने आने पर कांग्रेस नेताओं ने सरकार और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया पर भी राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।
सतना और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश और नदियों के जलस्तर बढ़ने से कई क्षेत्रों में बाढ़ का असर देखा गया है। हाल के दिनों में सतना जिले और चित्रकूट क्षेत्र में बाढ़ के कारण कई गांव प्रभावित हुए और राहत-बचाव अभियान चलाया गया। सांसद गणेश सिंह ने कांग्रेस से अपील की कि आपदा की इस घड़ी में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से ऊपर उठकर सभी को पीड़ितों की मदद और राहत कार्यों में सहयोग करना चाहिए।
