शहर

महाराष्ट्र के बीड में सरपंच का अपहरण, हत्या कर शव को फेंका; दो आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के बीड में एक सरपंच का अपहरण कर लिया गया और उसकी हत्या कर शव को फेंक दिया गया। इस घटना की जानकारी मिलते ही दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है-

Image

महाराष्ट्र के बीड में सरपंच का अपहरण

Photo : iStock

Beed News: महाराष्ट्र के बीड जिले में रंजिश के चलते कुछ लोगों ने एक ग्राम सरपंच का कथित तौर पर अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि सोमवार को केज इलाके में हुई इस घटना के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख का सोमवार दोपहर करीब तीन बजे बीड के दोनगांव फाटा गांव के पास स्थित एक टोल प्लाजा से अपहरण कर लिया गया।

प्राथमिकी के अनुसार जब कार सवार सरपंच और उनके चचेरे भाई शिवराज देशमुख टोल प्लाजा पार कर रहे थे, तभी काले रंग की कार में सवार छह व्यक्ति वहां पहुंचे। इसके बाद छह लोगों में से एक ने सरपंच की कार की ड्राइवर के तरफ वाली खिड़की तोड़ दी। प्राथमिकी में कहा गया है कि एक अन्य व्यक्ति सह-चालक की सीट की तरफ आया तथा संतोष देशमुख को वाहन से बाहर खींच लिया। वह डंडे से उनकी पिटाई करते हुए उन्हें काली कार के पास ले गया। इसके बाद सरपंच को लेकर कार केज की ओर चली गई।

मामले को लेकर शिकायत दर्ज

पुलिस के अनुसार, इसके बाद एक अन्य कार काले रंग की गाड़ी के पीछे आई, जिसमें अपहरणकर्ताओं के कुछ सहयोगियों के सवार होने का संदेह है। शिवराज देशमुख ने बाद में पुलिस के पास एक शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि सरपंच का अपहरण कुछ व्यक्तियों के साथ पुरानी रंजिश के कारण किया गया है।

5 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज

प्राथमिकी के अनुसार पुलिस ने इसके बाद कथित कार मालिक और पांच अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत जानबूझकर नुकसान पहुंचाने, स्वेच्छा से रास्ता रोकने और हत्या के इरादे से अपहरण करने का मामला दर्ज किया। एक अधिकारी के अनुसार, बाद में पुलिस को केज के दैथाना इलाके में एक शव मिला, जिसकी पहचान सरपंच संतोष देशमुख के रूप में हुई। बीड के पुलिस अधीक्षक अविनाश बरगल ने फोन पर पीटीआई-भाषा को बताया कि इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इनपुटः भाषा

Maahi Yashodhar
Maahi Yashodharauthor

माही यशोधर Timesnowhindi.com में न्यूज डेस्क पर काम करती हैं। यहां वह फीचर, इंफ्रा, डेवलपमेंट, पॉलिटिक्स न्यूज कवर करती हैं। इसके अलावा वह डेवलपमेंट की खबरों पर भी नजर रखती हैं। वह सड़क, रेल और इंफ्रास्ट्रक्चर के अलावा क्राइम और पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखती हैं। राजनीति में खास रुचि होने के कारण वह राजनेताओं और राजनीति से जुड़ी खबरें ब्रेक करते हैं। इससे पहले माही ने देश के नामी मीडिया संस्थानों एनडी टीवी और न्यूज18 में काम किया है। माही यशोधर ने पत्रकारिता में डिग्री ली है। उन्होंने अपने पत्रकारिता सफर की शुरुआत देश के नामी संस्थान टाइम्स से की थी, जहां उन्होंने एंटरटेनमेंट डेस्क पर रहते हुए खबरों को धार दी। इसके बाद वह डिजिटल पत्रकारिता में आगे बढ़ती रहीं। पूर्व में माही यशोधर ने एंटरटेनमेंट, हेल्थ, एजुकेशन, एस्ट्रो, वायरल और लाइफस्टाइल की खबरों पर काम किया है। माही हर छोटी-बड़ी खबर को जल्द से जल्द अपने पाठकों तक पहुंचाने की कोशिश करती हैं। माही अपने पाठकों की नब्ज अच्छे से समझती हैं। उन्हें खबरों की अच्छी समझ है और उनकी भाषा ऐसी है कि कम शब्दों में भी पाठक को पूरी खबर समझा देती हैं।

और पढ़ें
End of Article