Samrat Choudhary: आज बिहार में नीतीश कुमार युग समाप्त होने जा रहा है। नीतीश कुमार आज बिहार सीएम पद से इस्तीफा दे रहे हैं। सम्राट चौधरी बिहार के नए मुख्यमंत्री तय माने जा रहे हैं। कल रात उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सम्राट चौधरी के आवास की तरफ 50 मीटर के दायरे में जाने से रोक लगा दी गई है। बैरेकेडिंग लगा दी गई है और पुलिस को तैनात कर दिया गया है।
सम्राट चौधरी का नाम फाइनल!
सोमवार को दिन में ही सम्राट चौधरी से सीएम के राजनीतिक सलाहकार दीपक कुमार सहित कई बड़े अधिकारियों ने मुलाकात की थी। सूत्रों का कहना है कि सम्राट चौधरी का नाम फाइनल हो गया है और बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर वही शपथ लेंगे।
बिहार के 14 करोड़ लोगों के लिए एक भावुक पल- संजय झा
जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि यह बिहार के 14 करोड़ लोगों के लिए एक भावुक पल है। हम हमेशा कहते हैं कि नीतीश जी के आने से पहले हमें बिहारी होने में शर्म आती थी, और उनके आने के बाद बिहार की इज्जत बची। निशांत कुमार पॉलिटिक्स में एक्टिव हैं। वह पार्टी में शामिल हो गए हैं और पार्टी ऑर्गनाइजेशन को मजबूत कर रहे हैं। वह सभी से मिल रहे हैं, और उनका काम पूरी पार्टी को बहुत समझदारी से समझना और मिलकर सुझाव देना है। भविष्य में उनका जो भी रोल होगा, चाहे पार्टी के अंदर हो या कहीं और, वह पार्टी के सदस्य तय करेंगे... जहां तक इस सरकार की बात है, जो भी मुख्यमंत्री होगा, जो भी सरकार बनेगी, वह नीतीश कुमार की होगी। यह सरकार अगले 25-30 साल और उससे भी आगे तक नीतीश कुमार के सपोर्ट और गाइडेंस में काम करेगी। उनका गाइडेंस हमेशा इस सरकार के साथ रहेगा। उनके सुझाव हमेशा इस सरकार के साथ रहेंगे।
नीतीश कुमार आज देंगे इस्तीफा
नीतीश कुमार आज राज्यपाल से मिलकर उन्हें अपना इस्तीफा सौंपेंगे।आज 14 अप्रैल को सीएम नीतीश कुमार अपनी सरकार की कैबिनेट की आखिरी बैठक करेंगे और फिर इस्तीफा देंगे। इसके बाद 15 अप्रैल को बिहार के नए मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ले लेंगे। मुख्यमंत्री पद किसे सौंपा जाएगा, इसमें सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे है।
15 अप्रैल को शपथ ग्रहण
नीतीश के इस्तीफा देने के अगले दिन यानी 15 अप्रैल को गांधी मैदान में भाजपा के सीएम के नेतृत्व में एनडीए की नई सरकार का गठन होगा। विधायिका में महिलाओं को आरक्षण देने के लिए 16 अप्रैल से संसद का तीन दिन का विशेष सत्र शुरू हो रहा है, जिसमें नीतीश हिस्सा लेंगे। नीतीश संसद सत्र से पहले बिहार में बदलाव की सारी औपचारिकताएं पूरी करवा रहे हैं।
बड़े बदलाव की आहट
बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव की आहट तेज हो गई है। पटना के सियासी गलियारे में हलचल उस वक्त बढ़ गई जब रविवार को 20 घंटे के भीतर सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से दूसरी बार मुलाकात की। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस हाई-प्रोफाइल बैठक के बाद यह साफ हो गया है कि प्रदेश में नई सरकार के गठन की कवायद अब अपने अंतिम चरण में है।
