Sagar Police Encounter: मध्य प्रदेश के सागर जिले में बंडा में हुए बहुचर्चित जहरीली शराब कांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और 30,000 रुपये के इनामी बदमाश मनीष लोधी उर्फ यशवंत ठाकुर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में मनीष के पैर में गोली लगी। उसका साथी आशीष साहू भी घायल हुआ है।
बंडा जहरीली शराब कांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, बंडा और विनायका थाना क्षेत्रों में दर्ज जहरीली शराब प्रकरण के बाद से ही मनीष लोधी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान बुधवार तड़के करीब 3 बजे मालथौन थाना क्षेत्र के नोनिया-सेसई रोड घाटी के पास मनीष और उसके साथी की पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ हुई।
पुलिस पर फायरिंग का आरोप
पुलिस का कहना है कि मनीष लोधी और आशीष साहू ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। इस दौरान मनीष के पैर में गोली लगने से वह घायल होकर गिर गया। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए भाग रहा उसका साथी आशीष साहू भी घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां उनका उपचार चल रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Delhi: शालीमार बाग में आधी रात को बुलडोजर एक्शन, कई इमारत ढहाई गईं, AIMIM नेता ने उठाए सवाल
दो देशी कट्टे और पांच कारतूस बरामद
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से आरोपियों के कब्जे से दो देशी कट्टे, पांच राउंड/कारतूस और एक बेसबॉल डंडा बरामद हुआ है। पुलिस टीम ने मौके से हथियार और अन्य सबूत भी जुटाए हैं। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना की विस्तृत जांच जारी है।
