मध्य प्रदेश के ओरछा स्थित प्रसिद्ध श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का ताला तोड़े जाने, बिना निर्धारित प्रक्रिया के खजाना खोले जाने अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता किए जाने को लेकर चल रही खबरें पूरी तरह से भ्रामक, तथ्यहीन और वास्तविकता से परे हैं। जिला प्रशासन ने इन सभी खबरों का कड़ाई से खंडन किया है।
ओरछा स्थित श्रीरामराजा मंदिर (फोटो- MP Govt)
खजाने के निरीक्षण की वास्तविक स्थिति
प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण पूरी तरह से विधिवत और प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत किया गया है। इस दौरान न तो ताले को कोई क्षति पहुंचाई गई और न ही उसके साथ किसी प्रकार का अनधिकृत हस्तक्षेप किया गया। खजाने का ताला पूर्ववत सुरक्षित है तथा उसमें रखी किसी भी सामग्री के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है।
वर्ष 2017 के बाद प्राप्त नई सामग्री का हो रहा है सत्यापन
उल्लेखनीय है कि श्रीरामराजा मंदिर के खजाने का अंतिम सत्यापन वर्ष 2017 में किया गया था और उस अवधि तक की संधारित सामग्री को निर्धारित व्यवस्था के तहत डबल लॉक में सुरक्षित रखा गया है। वर्ष 2017 के पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर में अर्पित की गई नई सामग्री एवं बहुमूल्य वस्तुओं का अलग से रिकॉर्ड तैयार करने, उसका विधिवत सत्यापन और पंजीयन करने के उद्देश्य से यह नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इस पूरी कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य मंदिर की संपत्ति का उचित संरक्षण, नई प्राप्त सामग्री का प्रमाणिक रिकॉर्ड तैयार करना और संपूर्ण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
छह सदस्यीय जांच दल का गठन और पारदर्शी कार्रवाई
खजाने के सत्यापन की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाने के लिए कलेक्टर एवं श्रीरामराजा मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सुश्री जमुना भिंडे द्वारा विधिवत आदेश जारी कर एक छह सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है। समिति ने बैठक के पश्चात आगामी व्यवस्थाओं और कार्ययोजना का आकलन करने के लिए खजाने के कक्ष का प्रारंभिक निरीक्षण किया। यह संपूर्ण प्रारंभिक कार्रवाई मंदिर के प्रधान पुजारी पंडित रामाकांत दीक्षित की उपस्थिति में तथा ओरछा के तहसीलदार व मंदिर प्रबंधन समिति के व्यवस्थापक की मौजूदगी में पूरी की गई। इस दौरान निरंतर वीडियोग्राफी कराई गई और विधिवत पंचनामा भी तैयार किया गया। निरीक्षण के तुरंत बाद कक्ष को विधिवत बंद कर ताला पूर्ववत सुरक्षित रख दिया गया।
व्यवस्थाओं में पारदर्शिता के लिए डिजिटल पहल
मंदिर की व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाने के लिए कई डिजिटल कदम उठाए गए हैं:
- श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्यूआर कोड और बारकोड के माध्यम से गूगल पे, फोनपे जैसे डिजिटल माध्यमों से भुगतान की व्यवस्था की गई है।
- राजभोग, प्रसाद और पोशाक की रसीद व बुकिंग ऑनलाइन उपलब्ध कराई गई है।
- मंदिर में प्राप्त होने वाली चढ़ोतरी, दान और सभी भुगतानों को डिजिटल व्यवस्था से जोड़ा जा चुका है।
- अब आय-व्यय एवं अन्य अभिलेखों के कंप्यूटरीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है ताकि प्रत्येक लेन-देन का प्रमाणिक रिकॉर्ड रखा जा सके।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें। मंदिर की संपत्ति की सुरक्षा, उचित अभिलेखीय संधारण और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है, और प्रशासन मंदिर की गरिमा व श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
