Jalandhar News: जालंधर, पंजाब से एक बार फिर से फ्रिज के कंप्रेसर ब्लास्ट होने की खबर आई है। इससे पहले भी जालंधर से ऐसी ही एक घटना सामने आई थी। अब उसी तरह की दूसरी घटना जालंधर के सतनाम पुर इलाके से सामने आई है। जानकारी के अनुसार फ्रिज का कंप्रेसर ब्लास्ट होने के बाद घर में रखे गैस सिलेंडर फट गया, जिससे घर में आग लग गई। उस दौरान घर में तीन लोगों का परिवार मौजूद था।
जालंधर में फ्रिज कंप्रेसर फटने के बाद गैस सिलेंडर में लगी आग
ये भी पढ़ें - Sleeper Bus Fire: गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्लीपर बस में आग, दो की मौत, कुछ झुलसे-Video
पुलिस अधिकारियों निर्मल सिंह (एसीपी जालंधर सेंट्रल) ने बताया कि फ्रिज के कंप्रेसर के फटने से परिवार के तीन लोगों में से दो की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, घर के मालिक का नाम हरपाल सिंह था। वो और उनकी पत्नी घर में जिम का सामान बनाया करते थे। घर में अचानक फ्रिज के कंप्रेसर फटने से हरपाल सिंह और उनके बेटे जोबन जीत, जिसकी उम्र 15 से 16 वर्ष है, उनकी मृत्यु हो गई। हादसे के दौरान उनकी पत्नी भी वहां मौजूद थी, जो घायल है। हरपाल सिंह की पत्नी को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी प्राप्त होते ही दमकल विभाग की गाड़ियां समय पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया।
पहले ही फ्रिज के फटने से हुई थी 5 लोगों की मौत
जालंधर से फ्रिज के कंप्रेशर के फटने की घटना नई नहीं है। एक करीब एक महीने पहले भी जालंधर के आनंद नगर इलाके में घर में फ्रिज के कंप्रेसर फटने की घटना सामने आई थी। बता दें कि फ्रिज के कंप्रेशर फटने के बाद लगी आग में परिवार के पांच लोगों की जलकर मौत हुई थी। इसमें तीन बच्चे भी शामिल थे, जिनकी उम्र 14, 12 और 10 वर्ष थी।
