महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में स्थित रत्नागिरी जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गणपतीपुळे से आज एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। वीकेंड और छुट्टियों का आनंद लेने आए छत्रपति संभाजीनगर के पर्यटकों का एक समूह यहां समुद्र की तेज लहरों की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे में 5 पर्यटक गहरे पानी में लापता हो गए हैं, जिनकी तलाश के लिए स्थानीय प्रशासन और बचाव दल युद्धस्तर पर जुटे हुए हैं।
रेस्क्यू की कोशिशें जारी
सुबह 11 बजे अचानक हुआ हादसा
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर से करीब 21 लोगों का एक बड़ा समूह शनिवार सुबह गणपतीपुळे पहुंचा था। सुबह करीब 11:00 बजे के बीच इस समूह के कुछ सदस्य समुद्र किनारे गए और पानी का आनंद लेने के लिए लहरों के बीच उतर गए।
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, पर्यटकों को समुद्र में पानी की गति, लहरों की तेजी और उसकी गहराई का सही अंदाजा नहीं मिल सका। इसी लापरवाही और अनजानेपन के कारण अचानक आई ऊंची लहरों ने किनारे पर नहा रहे 8 पर्यटकों को अपनी चपेट में ले लिया और वे गहरे पानी की तरफ खिंचे चले गए।
स्थानीय लोगों ने दिखाई मुस्तैदी, 3 की बची जान
जैसे ही यह हादसा हुआ, बीच पर मौजूद अन्य पर्यटकों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार सुनकर किनारे पर मौजूद स्थानीय मछुआरे, लाइफगार्ड और ग्रामीण तुरंत बिना वक्त गंवाए मदद के लिए समुद्र में कूद पड़े। स्थानीय लोगों और लाइफगार्ड्स की मुस्तैदी के चलते डूब रहे 8 लोगों में से 3 पर्यटकों को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया। समय रहते बाहर निकाले जाने के कारण उनकी जान बच गई, लेकिन पानी का करंट बेहद तेज होने की वजह से बाकी के 5 पर्यटक देखते ही देखते गहरे समुद्र में लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और कोस्टल रेस्क्यू टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। लापता पर्यटकों को ढूंढने के लिए लोकल एडमिनिस्ट्रेशन, पुलिस, कोस्ट गार्ड और स्थानीय गोताखोरों की मदद से संयुक्त रूप से युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
