Ratlam Train Car Accident: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में सेजावता रेलवे फाटक पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। रेलवे फाटक के बीच में फंसी एक कार को पैसेंजर ट्रेन ने जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रेन करीब डेढ़ घंटे तक मौके पर ही खड़ी रही। जानकारी के मुताबिक, एक युवक कार लेकर रतलाम की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सेजावता रेलवे फाटक क्रॉस कर रहा था, तभी फाटक बंद हो गया और उसकी कार बीच में ही फंस गई। इसी दौरान वलसाड से हिसार जा रही ट्रेन नंबर 04728 वहां पहुंच गई और कार को टक्कर मार दी।
ट्रेन की टक्कर में कार के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हालांकि लोको पायलट की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। फाटक के पास कार को देखकर लोको पायलट ने ट्रेन की स्पीड पहले ही धीमी कर दी थी, जिससे टक्कर के बावजूद ट्रेन पटरी से नहीं उतरी और कोई यात्री हताहत नहीं हुआ।हादसे के बाद रेलवे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे का रेस्क्यू दल मौके पर पहुंचा। रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार सहित मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।
जेसीबी की मदद से हटानी पड़ी कार
रेलवे कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को ट्रैक से हटाया। करीब 1 घंटे 30 मिनट की मशक्कत के बाद ट्रैक को क्लियर किया गया और ट्रेन को रवाना किया गया।डीआरएम अश्विनी कुमार ने बताया कि सिग्नल हो चुका था और ट्रेन काफी नजदीक थी। इसी दौरान कार चालक ने तेज रफ्तार में फाटक पार करने की कोशिश की और कार बीच में फंस गई। ऐसे में फाटक दोबारा खोलना संभव नहीं था। पूरी गलती कार चालक की है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- रेणुका माता मंदिर का दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का टेम्पो खाई में गिरा, 3 लोगों की दर्दनाक मौत
पार करके समय बंद हुआ फाटक
वहीं कार चालक प्रवीण उपाध्याय का कहना है कि वह फाटक पार कर ही रहा था कि अचानक फाटक बंद हो गया। उसने कार निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक ट्रेन आ गई। फिलहाल रेलवे पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे ने लोगों से अपील की है कि रेलवे फाटक बंद होने पर जल्दबाजी न करें और सिग्नल का इंतजार करें।
