Ranchi News: रांची जिले में अब तक जितनी ठंड पड़नी चाहिए थी, वह नहीं पड़ी है। हालांकि मौसम में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। दो दिनों से जिले का तापमान बढ़ है। इसकी वजह है बंगाल की खाड़ी में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन। वहां से नम हवा का आना। मौसम विभाग के मुताबिक आज से नम हवा के आने का सिलसिला कम हो जाएगा, जिससे आसमान से बादल छंट जाएंगे। इस कारण अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। उत्तर से आने वाली ठंडी हवा गुरुवार से सूबे में प्रवेश करने वाली है। इससे तापमान में एक से तीन डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र, जहां से पूर्वानुमान जारी हुआ है।
मौसम वैज्ञानिक बताते हैं कि 29 दिसंबर से कोडरमा, चतरा, पलामू, गिरिडीह, देवघर जिले का तापमान सबसे कम हो जाएगा। 29 दिसंबर से 30 दिसंबर के बीच रांची का न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री रहने के आसार हैं। पलामू का तापमान 6 से 8 डिग्री, जमशेदपुर का तापमान 9 से 11 डिग्री तक रहने की संभावना है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में छह डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
पूरी दुनिया में बदला है मौसम चक्र
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अभिषेक आनंद का कहना है कि जलवायु परिवर्तन से पूरी दुनिया का मौसम चक्र बदल गया है। इस साल उत्तर भारत में देर से कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हुई है। इस वजह से उत्तर से आने वाली ठंडी हवा झारखंड में देर से आ रही है। जबकि बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवा एवं बादल से तापमान बढ़ गया है।
सुबह 19 डिग्री तो देर रात 10 डिग्री हो जाएगा तापमान
रांची में आज सुबह में 19 डिग्री तापमान था। दोपहर में पारा चढ़ा और 21 डिग्री सेल्सियस हो गया। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक देर रात तापमान गिरकर 10 डिग्री हो जाने की संभावना है। 29 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, 30 दिसंबर को 10 डिग्री, 31 दिसंबर को 10 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं नए साल के पहले दिन एक जनवरी को 10 डिग्री, 2 जनवरी को 10 डिग्री, 3 जनवरी को 10 डिग्री, 4 जनवरी को 10 डिग्री, 5 जनवरी को 10 डिग्री, 6 जनवरी को 9 डिग्री, 7 जनवरी को 8 डिग्री, 8 जनवरी को 8 डिग्री, 9 जनवरी को 9 डिग्री तापमान रहने के आसार हैं।
