राँची

Ranchi: डबल मर्डर केस के दुष्कर्म से जुड़े तार, बदला लेने के लिए हुई थी हत्या; छह लोग शामिल

रांची के धुर्वा इलाके में पिछले दिनों हुए डबल मर्डर के केस में पुलिस ने एक नया खुलासा किया है। पुलिस का मानना है कि ये हत्याएं बदले की भावना से की गई हैं। इस मामले में एक लड़की समेत छह आरोपी तय किए गए हैं। जांच में ये पता चला है कि मृतकों में से एक ने कथित तौर पर लड़की के साथ बलात्कार किया था।

Image

बलात्कार का बदला लेने के लिए हुई थी हत्या

Photo : Times Now Digital

Ranchi Double Murder Case: इस सप्ताह की शुरुआत में रांची के बाहरी इलाके में आने वाले धुर्वा थाना क्षेत्र में दो लोगों की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में कथित रूप से एक लड़की समेत छह लोगों के शामिल हैं। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शनिवार को पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक ये हत्याएं बलात्कार का बदला लेने की मंशा से की गई थीं।

हत्या में छह आरोपी शामिल

पुलिस के अनुसार, हत्या का कारण बदला लेने की कोशिश लग रही है क्योंकि मृतकों में से एक ने कथित तौर पर लड़की के साथ बलात्कार किया था। जिसके बाद लड़की ने अपने प्रेमी और उसके साथियों की मदद से बदला लिया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

कैसे रची बदला लेने की साजिश

12 मई को रांची पुलिस ने धुर्वा थाना क्षेत्र के भीतर एक सुनसान स्थान से दो शव बरामद किए। मृतकों में एक की पहचान खूंटी थाना क्षेत्र के चामडी गांव निवासी खुड़िया मुंडा के रूप में हुई है, जिसने कथित तौर पर लड़की के साथ बलात्कार किया था।

रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया, "जांच के दौरान यह पता चला कि खुड़िया ने कथित तौर पर लड़की के साथ बलात्कार किया। इसके बाद पीड़िता ने इस बारे में अपने प्रेमी को बताया। जिसके बाद, अपने प्रेमी के सुझाव पर अमल करते हुए लड़की ने खुड़िया को घटनास्थल पर बुलाया। जब खुड़िया वहां पहुंचा तो लड़की के प्रेमी ने चार साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, खुड़िया के साथ घटनास्थल पर आए व्यक्ति की भी हत्या कर दी गई।

क्या था मामला

गौरतलब है कि खूंटी के भंडारा पंचायत के चामडीह के रहने वाले खुड़िया मुंडा और उसका चचेरा भाई अपने चाचा के श्राद्ध कर्म का न्योता देने के लिए घर से 4 मई को स्कूटी लेकर निकले थे लेकिन धुर्वा पुलिस ने रविवार की रात गरसूल तालाब के पास से दोनों लड़कों का शव बरामद किया था। दोनों की गर्दन पर धारदार हथियार के निशान थे, इस घटना को लेकर धुर्वा थाना में अज्ञात पर FIR दर्ज करवाई गई थी। इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार है और बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article