Naxalite Encounter: झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस और सुरक्षाबलों को लगातार दूसरे दिन बड़ी सफलता मिली है। पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में सोमवार रात से हथियारबंद माओवादी नक्सलियों के साथ जारी मुठभेड़ में एक टॉप नक्सली कमांडर को ढेर किया गया है। सुरक्षा बलों के साथ हुए मुठभेड़ में मारे गए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माओवादी (भाकपा-माओवादी) के कमांडर की पहचान तुलसी भुइयां के रूप में हुई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। एक और माओवादी नितेश यादव को गोली लगी है और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था, हालांकि इसकी पुष्टि होनी बाकी है।
पुलिस ने कहा कि मुठभेड़ के बाद तलाशी अभियान के दौरान एक ‘सेल्फ लोडिंग राइफल’ (SLR) समेत कई हथियार बरामद किए गए।
इसने बताया कि सोमवार देर रात मोहम्मदगंज और हैदरनगर थाना क्षेत्रों की सीमा के बीच सीताचुआं इलाके के पास सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई।
पलामू के पुलिस उपमहानिरीक्षक वाई एस रमेश ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘पलामू में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ के बाद भाकपा (माओवादी) के एक सदस्य का शव बरामद किया गया है। पहचान की प्रक्रिया जारी है।’’ अधिकारी ने बताया कि एक और माओवादी नितेश यादव को गोली लगी है और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। रमेश ने हालांकि कहा कि इसकी अभी पुष्टि की जानी है।
इसके पहले सोमवार को पड़ोसी जिले लातेहार के नेतरहाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने पांच लाख का इनामी भाकपा माओवादी नक्सली कमांडर मनीष यादव को मार गिराया था। इसके साथ ही 10 लाख के इनामी नक्सली कुंदन खरवार को गिरफ्तार किया गया। 24 मई को भी लातेहार के इचवार जंगल में हुई मुठभेड़ में 10 लाख का इनामी पप्पू लोहरा और पांच लाख का इनामी प्रभात लोहरा मारे गए थे, जबकि एक घायल नक्सली को गिरफ्तार किया गया था।
