राँची

झारखंड के इन 6 शहरों में कल होगा आपदा का ट्रायल, मॉक ड्रिल से परखा जाएगा इमरजेंसी रिस्पॉन्स

केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के निर्देश के अनुसार झारखंड के 6 शहरों में कल यानी 7 मई को मॉक ड्रिल किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश की राजधानी रांची के अलावा, बोकारो, जमशेदपुर, गोड्डा, गोमिया और साहिबगंज में मॉक ड्रिल होगी। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा प्रबंधन और आपातकालीन स्थितियों में तैयारियों को परखना है।

Image

Meta AI

Mock Drill in Jharkhand: पहलगाम के आतंकी हमले के बाद सुरक्षा की एहतियाती तैयारियों के तहत गृह मंत्रालय के निर्देश पर देश में 244 से ज्यादा स्थानों पर 7 मई को 'नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल' का आयोजन किया जा रहा है। इनमें झारखंड के छह शहर भी शामिल हैं। झारखंड की राजधानी रांची के अलावा जमशेदपुर, बोकारो, गोड्‌डा, साहिबगंज और गोमिया में मॉक ड्रिल होगी। जिसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

अलग-अलग समय पर होगी मॉक ड्रिल

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, मॉक ड्रिल के लिए विभिन्न शहरों में अलग-अलग समय निर्धारित किया जाएगा। मॉक ड्रिल के तहत महत्वपूर्ण गतिविधियां की जाएंगी। इस दौरान एयर रेड वार्निंग सायरनों का संचालन होगा। यह बड़े खतरे और दुश्मन की गतिविधियों को लेकर अलर्ट जारी करने से जुड़ा कदम है।

मॉक ड्रिल में क्रैश ब्लैकआउट

नागरिकों और छात्रों को संभावित हमलों की स्थिति में खुद को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक नागरिक सुरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस मॉक ड्रिल में 'क्रैश ब्लैकआउट' अहम हिस्सा होगा। इस दौरान चिन्हित किए गए इलाके में बिजली आपूर्ति रोककर पूरी तरह अंधेरा किया जाएगा। इसके तहत दुश्मन की हवाई निगरानी या हमले से शहरों और ढांचों को छिपाने के लिए आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किया जाएगा।

स्कूलों, कॉलेजों, ऑफिसों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के इस अभ्यास में झारखंड पुलिस, जैप सहित पुलिस के दूसरे बल संवेदनशील क्षेत्रों में मॉक ऑपरेशन कर सकते हैं। किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को तेजी से सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का अभ्यास किया जाएगा।

गृह मंत्रालय के इस निर्णय और हालिया उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठकों ने यह संकेत दिया है कि भारत पहलगाम हमले के जवाब में एक सख्त सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी समेत शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व से भी इस मुद्दे पर विचार-विमर्श हो चुका है। उल्लेखनीय है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए हैं।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article