Jharkhand Liquor Scam: IAS विनय चौबे समेत 4 ऑफिसर सस्पेंड, ACB ने लिया रिमांड पर

झारखंड शराब घोटाले में आईएएस विनय चौबे सहित चार अधिकारी सस्पेंड कर दिए गए। एसीबी ने रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की है। सूत्रों के अनुसार, एजेंसी ने दोनों से पिछले तीन वर्षों में उनके एवं उनके परिजनों के नाम पर अर्जित संपत्ति, निवेश और उनके स्रोतों के बारे में सवाल किए हैं।

रांची : झारखंड सरकार ने शराब घोटाले में गिरफ्तार किए गए सीनियर आईएएस विनय चौबे सहित चार अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। इन अफसरों में उत्पाद विभाग के संयुक्त आयुक्त गजेंद्र सिंह, झारखंड राज्य बेवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड रांची के महाप्रबंधक सुधीर कुमार दास और पूर्व महाप्रबंधक सुधीर कुमार शामिल हैं। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है। शराब घोटाले की जांच कर रही राज्य सरकार की एजेंसी एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने विनय चौबे और गजेंद्र सिंह को 20 मई और अन्य दो अधिकारियों को 21 मई को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया था।

Liquar

(सांकेतिक फोटो)

इन सभी का निलंबन जेल जाने की तिथि से ही प्रभावी होगा। इस बीच एसीबी ने विनय चौबे और गजेंद्र सिंह को न्यायालय के आदेश पर गुरुवार को सुबह 10 बजे से दो दिनों की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की। सूत्रों के अनुसार, एजेंसी ने दोनों से पिछले तीन वर्षों में उनके एवं उनके परिजनों के नाम पर अर्जित संपत्ति, निवेश और उनके स्रोतों के बारे में सवाल किए हैं। उनसे वर्ष 2022 में राज्य में नई उत्पाद नीति लागू होने के बाद थोक कारोबार का टेंडर लाने वाले सिंडिकेट में शामिल लोगों से रिश्तों के बारे में भी जानकारी मांगी गई।

End of Feed