राँची

Jharkhand: झारखंड में मारा गया एक करोड़ का इनामी नक्सली विवेक, एनकाउंटर में 7 और माओवादी ढेर

Jharkhand Naxal: झारखंड में सोमवार को नक्सल विरोधी अभियान को तब बड़ी सफलता हाथ लगी, जब सीआरपीएफ और राज्य पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में 6 नक्सली मारे गए। बोकारो में नक्सलियों के साथ एनकाउंटर जारी है।

jharkhand naxal pti

झारखंड में नक्सलियों के साथ सीआरपीएफ की मुठभेड़ (प्रतीकात्मक फोटो)

Jharkhand Naxal: झारखंड के बोकारो में सोमवार सुबह-सुबह सुरक्षाबलों के साथ नक्सलियों की मुठभेड़ हो गई। सीआरपीएफ और स्टेट पुलिस की संयुक्त टीम ने 8 नक्सलियों को मार गिराया है। एनकाउंटर अभी भी जारी है और कई नक्सलियों के फंसे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। मारे गए नक्सलियों में एक करोड़ का इनामी नक्सली विवेक भी शामिल है।

ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी कामयाबी, दंतेवाड़ा में 26 नक्सलियों ने किया सरेंडर

1 करोड़ का इनामी नक्सली मारा गया

दोनों ओर से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। मारे जाने वाले नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों में एक की शिनाख्त भाकपा माओवादी संगठन के सेंट्रल कमेटी मेंबर प्रयाग मांझी के रूप में हुई। उस पर राज्य सरकार ने एक करोड़ का इनाम रखा था। उसे नक्सली संगठन में विवेक दा उर्फ फुचना उर्फ नागो मांझी उर्फ करण दा के नाम से जाना जाता था। पिछले कुछ महीनों से वह गिरिडीह की पारसनाथ पहाड़ी और आस-पास के इलाके में सक्रिय था।

कई राज्यों में कर चुका था हमला

झारखंड के अलावा बिहार, छत्तीसगढ़ से लेकर ओडिशा में 100 से भी अधिक नक्सली वारदातों में उसका नाम आया था। अकेले गिरिडीह जिले में ही 50 से अधिक वारदातों में वह वांटेड था। वह मूल रूप से धनबाद जिले के टुंडी के दलबुढ़ा का रहने वाला था। सीआरपीएफ की ओर से सोमवार सुबह जारी बयान में चार नक्सलियों के मारे जाने की सूचना दी गई थी। अब यह संख्या आठ हो गई है।

सर्च ऑपरेशन के दौरान हमला

बताया गया कि सीआरपीएफ और पुलिस बल की संयुक्त टीम ललपनिया थाना क्षेत्र के लुगू पहाड़ और उसकी तराई वाले जंगली इलाके में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इसी दौरान जंगल में छिपे नक्सलियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवानों ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। सर्च ऑपरेशन में ‘209 कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन’ (कोबरा) और झारखंड पुलिस के जवान शामिल हैं।

झारखंड में चल रहा है नक्सल विरोधी अभियान

झारखंड में इस वर्ष पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में अब तक 13 नक्सली मारे गए हैं। पुलिस और सुरक्षा बलों ने इस वर्ष तक झारखंड को पूरी तरह नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। झारखंड पुलिस की ओर से जारी आंकड़े के अनुसार, वर्ष 2024 में पुलिस ने 244 नक्सलियों को गिरफ्तार किया था, जबकि पुलिस और सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में नौ नक्सली मारे गए। 24 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला लिया। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में चार जोनल कमांडर, एक सब जनरल कमांडर और तीन एरिया कमांडर शामिल थे।

लेटेस्ट न्यूज

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमार Author

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय ... और देखें

End of Article