Chhattisgarh Naxalites Surrendered: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां 26 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने सरेंडर किया है। इसमें तीन इनामी माओवादी भी शामिल हैं। नक्सलियों ने दंतेवाड़ा के डीआरजी कार्यलाय में 7 अप्रैल को आत्मसमर्पण किया। जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान लोन वर्राटू (अपने घर/गांव वापस लौटो) और छत्तीसगढ़ सरकार के पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर इन नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया।
इन नक्सलियों पर था इनाम घोषित
अधिकारियों के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में से राजेश कश्यप आमदई एरिया जनमिलिशिया का कमांडर था। उसके सिर पर तीन लाख रुपये का इनाम है। अधिकारियों का कहना है कि इसी तरह नक्सली कोसा माड़वी जनताना सरकार का अध्यक्ष था। उसके सिर पर एक लाख रुपये का इनाम है। नक्सली छोटू कुंजाम चेतना नाट्य मंच (सीएनएम) का सदस्य था। उसके सिर पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित है।
अब तक 953 नक्सलियों ने किया सरेंडर
अधिकारियों ने बताया कि इन नक्सलियों ने लोन वर्राटू अभियान से प्रभावित होकर और संगठन में अमानवीय बर्ताव, आधारहीन विचारधारा और शोषण से तंग आकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया। उन्होंने बताया कि जिले में लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक 224 इनामी माओवादियों सहित कुल 953 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है।
(इनपुट - भाषा)
