साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले में मूर्ति विसर्जन के दौरान पथराव की घटना में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सहित छह लोग घायल हो गये। एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात दो समुदायों के लोगों के बीच हुई झड़प में कई दुकानें और वाहन भी क्षतिग्रस्त किए गए।
झारखंड में मूर्ति विसर्जन के दौरान बवाल (सांकेतिक तस्वीर)
साहिबगंज के उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि घटना उस समय हुई जब साहिबगंज शहर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस निकाला जा रहा था तभी किहरीपाड़ा में कुछ उपद्रवी तत्वों ने पथराव किया जिसके बाद हिंसा भड़क गयी।
सुरक्षा बलों को किया गया तैनात
उपायुक्त रामनिवास यादव ने बताया कि साहिबगंज अनुमंडल पुलिस अधिकारी राजेंद्र कुमार दुबे को सिर में चोटें आईं, लेकिन इलाज के बाद उनकी हालत स्थिर है।उन्होंने कहा कि कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। यादव ने पीटीआई-भाषा से कहा, स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है। किसी तरह की अन्य झड़पों को रोकने के लिए सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
