IRCTC: देश के अलग-अलग शहरों से लोगों का त्योहारों पर रांची आना शुरू हो गया है। विशेषकर दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद और बेंगलुरु से लोग अपने-अपने घर आने लगे हैं। दीपावली और छठ को लेकर ट्रेनों में टिकट नहीं मिल रहा है। इससे 70 हजार लोग घर वापसी को लेकर परेशान है। रांची आनेवाली ट्रेनों में 300 तक वेटिंग है। इतना ही नहीं नई दिल्ली-रांची राजधानी ट्रेन में तो नो रूम की स्थिति बनी हुई है। मतलब अब ट्रेन के लिए टिकट कटना ही बंद हो गया है।
दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता और चेन्नई से आने वाली ट्रेनों में वेटिंग
यह स्थिति मुंबई से रांची आने वाली एलटीटी-हटिया एक्सप्रेस और एल्लेपी एक्सप्रेस की है। इसके अतिरिक्त बिहार और उत्तर प्रदेश के लिए परिचालित होने वाली ट्रेनों का बुरा हाल है। यह इन प्रदेश को जाने वाली ट्रेनों में भी 200 से 300 वेटिंग चल रही है।
रांची से बिहार और यूपी के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना
त्योहार पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेल मंडल स्पेशल चार ट्रेनों का परिचालन करने की तैयारी कर रहा है। यह ट्रेनें बिहार और उत्तर प्रदेश के लिए परिचालित की जानी है। रांची रेल मंडल ने दक्षिण-पूर्व रेल मुख्यालय कोलकाता को प्रस्ताव भी भेज दिया है। हालांकि इस प्रस्ताव पर अब तक मुख्यालय की मंजूरी नहीं मिल सकी है। बता दें रांची-जयनगर ट्रेन में हफ्ते में तीन दिन परिचालित की जा रही है। इस ट्रेन में 12 महीने वेटिंग की स्थिति रहती है। 22 अक्टूबर से ही इस ट्रेन में 200 से अधिक वेटिंग है। दीपावली और छठ को लेकर सीटें बुक होने से इसकी संभावना कम है कि वेटिंग की संख्या कम होगी।
स्पेशल ट्रेनों के लिए शुरू कराई जाएगी टिकटों की बुकिंग
रांची रेल मंडल के सीनियर डीसीएम निशांत कुमार का कहना है कि, रांची से चार स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू कराने के लिए दक्षिण-पूर्व रेलवे मुख्यालय को प्रस्ताव हाल ही में भेजा गया है। वहां से प्रस्ताव की मंजूरी मिलते ही इन स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा। इन ट्रेनों के टिकटों की बुकिंग जल्द शुरू कराने की योजना है।
