Indian Railway: दिवाली और छठ पर्व को लेकर रांची आने वाली ट्रेनें फुल होने के बाद अब फ्लाइट का किराया काफी बढ़ गया है। अलग-अलग शहरों से रांची आने वाली फ्लाइट के किराए में दो से चार गुना तक बढ़ोतरी हुई है। गौरतलब है कि, फिलहाल रांची आने वाली अलग-अलग कंपनियों की फ्लाइट फुल कैपेसिटी के साथ आ रही है। धनतेरस और दिवाली के मद्देनजर 21 से 23 अक्टूबर तक मुंबई और बेंगलुरु से रांची आने वाली फ्लाइट का किराया सबसे अधिक है।दरअसल, रांची और आसपास के जिलों में लगभग 60 हजार से 70 हजार लोग अलग-अलग महानगरों में कार्यरत हैं। यह लोग हर साल दिवाली और छठ पर अपने घर आते हैं, जिसकी वजह से रांची आने वाली फ्लाइट के किराए में बढ़ोतरी हुई है। बता दें कई शहरों से रांची आने वाली ट्रेनों में टिकट की बुकिंग तक बंद हो गई हैं। वहीं, ज्यादातर ट्रेनों में 300 से अधिक वेटिंग चल रही है। इस कारण विमान यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है।
छठ के बाद भी फ्लाइट के किराए में होती है बढ़ोतरी
फ्लाइट का किराया 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक यह है
फ्लाइट दिवाली सामान्य दिन
दिल्ली से रांची 9-15 हजार 5-6 हजार
मुंबई से रांची 16-22 हजार 7-8 हजार
बेंगलुरु से रांची 14-16 हजार 7-8 हजार
हैदराबाद से रांची 7-9 हजार 6-7 हजार
कोलकाता से रांची 5-9 हजार 5 हजार
चेन्नई से रांची 11-15 हजार 5 से 7 हजार
छठ पूजा के बाद रांची से अलग-अलग शहरों के लिए विभिन्न कंपनियों की फ्लाइट के किराए में बढ़ोतरी होती है। 20 अक्टूबर तक रांची से दिल्ली, मुंबई समेत अन्य शहरों के लिए उड़ान भरने वाले विमानों का किराया सामान्य है। इन विमानों में टिकट 6 हजार से 7 हजार रुपए तक है। एयरलाइंस कंपनियों का कहना है कि, दिवाली में रांची से बाहर जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी कम रहती है। ऐसे में रांची से दूसरे शहर में जाने वाले विमानों का किराया सामान्य है।
