Naxal Attack: ओडिशा-झारखंड सीमा पर बसे सारंडा के घने जंगलों में फिर नक्सली गतिविधियां सक्रिय हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन घटनाओं पर काबू के लिए शनिवार सुबह नक्सल रोधी अभियान चलाया जा रहा था। जिस दौरान इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) धमाका हो गया, जिसकी चपेट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) की मौत हो गई।
अभियान के दौरान हुआ धमाका
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से ताल्लुक रखने वाले और CRPF की 134वीं बटालियन के ASI सत्यवान कुमार सिंह (34) उस टीम का हिस्सा थे, जो माओवादियों के लूटे गए विस्फोटकों को बरामद करने के लिए सारंडा जंगल में तलाश अभियान चला रही थी। अधिकारियों ने बताया कि IED में विस्फोट राउरकेला के निकट बलंग गांव के पास सुबह करीब छह बजे हुआ, जब CRPF और ओडिशा पुलिस के विशेष अभियान दल (SOG) की एक संयुक्त टीम इलाके में तलाश अभियान चला रही थी। विस्फोट में ASI सत्यवान के पैर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उन्हें राउरकेला के एक अस्पताल ले जा गया जहां उनकी मृत्यु हो गई।
विस्फोटक बरामद करने के लिए अभियान जारी
बता दें कि 27 मई को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के बांको में एक पत्थर खदान के पास से माओवादियों ने करीब पांच टन विस्फोटक लूट लिया था। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने लूटे गए विस्फोटकों का अब तक तीन-चौथाई हिस्सा बरामद कर लिया है, हालांकि सुरक्षा बल जिलेटिन के बचे हुए पैकेट की तलाश जारी रखे हुए हैं।
ओडिशा मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने CRPF कर्मी की मौत पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "ओडिशा-झारखंड सीमा पर तलाश अभियान के दौरान IED विस्फोट में CRPF के ASI सत्यवान सिंह के बलिदान के बारे में जानकर दुख हुआ। उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर सेवा और साहस का सर्वोच्च मानदंड स्थापित किया है। मैं शहीद जवान की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।"
झारखंड पुलिस ने एक बयान में कहा कि शाम पांच बजे रांची स्थित सीआरपीएफ की 133 बटालियन मुख्यालय में ASI सिंह को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
(इनपुट-भाषा)
