BJP leader Anil Tiger Murder Case: रांची में भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या के आरोपी को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। रांची शहर के कांके इलाके में भाजपा नेता और जिला परिषद के पूर्व सदस्य अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात बुधवार की शाम करीब चार बजे की है।
डीजीपी अनुराग गुप्ता
बाइक सवार ने मारी गोली
बताया गया कि अनिल टाइगर कांके चौके के ठाकुर होटल में बैठे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर अपराधियों ने उनके करीब पहुंचकर सिर में गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर लोग दौड़े। सूचना मिलने के बाद कांके पुलिस मौके पर पहुंची। अनिल टाइगर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
समाचार एजेंसी एएनआई ने एसएसपी रांची के हवाले से बताया कि भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ। उसे जांघ में गोली लगी है। पहचान होने के बाद पुलिस की टीमें उसका पीछा करने लगीं। पुलिस टीम को देखते ही उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे गोली मार दी और गिरफ्तार कर लिया। जांच जारी है।
मामले की हो रही जांच
डीजीपी अनुराग गुप्ता ने बताया कि मुझे अभी सूचना मिली है। हम इसकी जांच करवा रहे हैं। यह हत्या बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, लेकिन यह हकीकत है कि रांची में सभी बड़े मामले सुलझा लिए गए हैं और अपराधियों को पकड़ लिया गया है...ऐसी घटनाएं रुकनी चाहिए और अगर घटनाएं होती हैं तो अपराधियों को पकड़ा जाना चाहिए...मैं आपसे वादा करता हूं कि हम हत्यारों को पकड़ लेंगे और न्याय होगा।
