Ranchi News: रांची में यातायात व्यवस्था सुधरने वाली है। इसके लिए राजभवन से हरमू चौक तक फोरलेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके निर्माण के लिए अब कहीं तोड़फोड़ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जमीन अधिग्रहण की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। एक दिन पहले ही पथ निर्माण विभाग के सचिव, इंजीनियर एवं अन्य अधिकारियों ने हरमू रोड का निरीक्षण किया है। अधिकारियों ने यह देखा की फ्लाईओवर निर्माण में कहां परेशान उत्पन्न हो सकती है। यह तय हुआ कि, जहां सड़क कम चौड़ी होगी, वहां पिलर बनाने के लिए टेक्निकल टीम रास्ता निकालेगी।
रांची में बनेगा फोरलेन फ्लाईओवर (प्रतीकात्मक तस्वीर)
निरीक्षण के दौरान टीम ने यह पाया कि, हरमू रोड में शनि मंदिर, किशेरगंज चौक और हरमू पुल की पहले तीन जगहों पर जमीन कम है। यहां सड़क संकीर्ण है। इस वजह से स्टील का पिलर खड़ा करने का निर्णय लिया गया है।
आधुनिक तकनीक से बनाया जाएगा फ्लाईओवर
टेक्निकल टीम का कहना है कि, संकीर्ण सड़क के पास स्टील का पिलर बनाया जाएगा। पूरे फ्लाईओवर को अत्याधुनिक तकनीक से बनाया जाएगा। अधिकारियों ने कंसल्टेंट को फ्लाईओवर का संशोधित डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने के लिए कहा है। इसे बनाने का समय भी बता दिया गया है। बता दें पहले डबल डेकर फ्लाईओवर का डीपीआर बनाया गया था। इसमें फ्लाईओवर निर्माण पर 750 करोड़ रुपए खर्च बताया गया था। निजी कंपनी ने डीपीआर तैयार किया है।
नहीं प्रभावित होगा ट्रैफिक
शहर में पहले से कई सड़कों का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में ट्रैफिक काफी प्रभावित है, लेकिन इस फोरलेन फ्लाईओवर से ट्रैफिक प्रभावित नहीं होगा। यह दावा पथ निर्माण विभाग के अधिकारी कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि, अत्याधुनिक तकनीक से फ्लाईओवर निर्माण होने से ट्रैफिक की समस्या उत्पन्न नहीं होगी।
सितंबर तक पूरा हो सकता है सिरम टोली फ्लाईओवर
शहर में निर्माणाधीन सिरम टोली फ्लाईओवर का निर्माण सितंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है। हालांकि इसकी संभावना कम दिख रही है, क्योंकि निर्माण में कुछ जगहों पर अड़चन बनी है। निर्माणकारी एजेंसी को इन अड़चनों को तत्काल समाप्त करने के लिए कहा गया है। इस फ्लाईओवर के बनने के बाद शहर को जाम से काफी हद तक निजात मिल जाएगी।
