हाल के दिनों में आपने सड़क हादसो विशेषकर हिट एंड रन के कई मामले सुने होंगे। दिल्ली के द्वारका में तो कार की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जिसमें ड्राइवर को नाबालिग बताया जा रहा है। झारखंड की राजधानी रांची से अब हिट एंड रन का एक मामला सामने आया है। यहां एक मर्सिडीज कार के ड्राइवर पर आरोप है कि एक्सीडेंट के बाद युवक उसके बोनट से लटक गया। मर्सिडीज चालक ने इसके बावजूद कार रोकने की जहमत नहीं उठाई और वह कई किलोमीटर तक कार चलाता रहा।
घटना आज यानी मंगलवार 17 फरवरी की है। रांची के डोरंडा इलाके में एक लग्जरी मर्सिडीज कार ड्राइवर ने मामूली विवाद के बाद युवक को कार से टक्कर मार दी, इससे युवक कार के बोनट पर लटक गया और ड्राइवर ने शहर में कई किलोमीटर तक युवक को कार के बोनट पर लटकाकर कार चलाई।
यही नहीं लग्जरी कार ड्राइवर पर आरोप है कि उसने होमगार्ड के जवानों को भी कुचलने की कोशिश की। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रास्ते में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवानों ने जब युवक को कार के बोनट पर लटा देखा तो ड्राइवर की तरफ कार रोकने का इशारा किया।
रोकने की कोशिश करने पर ड्राइवर ने कार रोकने की बजाय होमगार्ड जवानों पर ही कार चढ़ाने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया। यही नहीं, आरोप है कि ड्राइवर युवक को अपनी कार के बोनट पर लटकाकर घर ले गया और वहां उसे बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट भी की।
ड्राइवर ने युवक को कुछ देर तक अपने घर में बंधक बनाए रखा। युवक को चोटें आई हैं और वह बहुत ज्यादा डरा हुआ है। हालांकि, बाद में घटना के बारे में सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के ठिकाने तक भी पहुंच गई।
पुलिस ने आरोपी ड्राइवर के कब्जे से युवक को सुरक्षित छुड़वाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल हुई मर्सिडीज कार को भी जब्त कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पेशे से वकील है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
