शहर

Ramban Landslide: जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड; हाइवे बंद, ट्रैफिक बाधित

जम्मू-कश्मीर के रामबन से बीती रात हुई भारी बारिश के बाद कई भूस्खलन और पत्थरों के गिरने से गुरुवार की सुबह काफी परेशानी हुई। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाइवे पर ट्रैफिक रोक दिया गया है। अचानक आई बाढ़ से भी लोगों को परेशानी हुई हालांकि,अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं आई है।

Image

भूस्खलन के बाद सड़क पर फंसा वाहन

Photo : ANI

Ramban Mudslide News: बुधवार की रात जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में भारी बारिश के कारण कई भूस्खलन और पहाड़ियों से पत्थर गिरने की खबर आई। जिसके कारण गुरुवार की सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को रोक दिया गया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी है।

अधिकारियों ने ये भी बताया कि अचानक आई बाढ़ ने रामबन बाजार को भी प्रभावित किया, लेकिन किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

कश्मीर जाने वाला इकलौता हाइवे बाधित

यातायात विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सीरी और नचलाना के बीच कई भूस्खलन होने और पत्थर गिरने के कारण सुबह साढ़े सात बजे राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई जिससे दोनों तरफ सैकड़ों वाहन फंस गए हैं।

यह राजमार्ग कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली ऐसी एकमात्र सड़क है जो हर मौसम में खुली रहती है।

यातायात बहाली में आ रही बाधा

अधिकारियों ने बताया कि रामबन शहर के पास चंबा-सीरी में एक बड़ा भूस्खलन हुआ जबकि रामबन बाजार में एक होटल के पास अचानक बाढ़ आने की भी सूचना है जिससे कई वाहनों को नुकसान हुआ।

उन्होंने ये जानकारी भी दी कि लगातार बारिश के कारण यातायात बहाल करने के काम से संबंधित एजेंसियों को बाधा आ रही है।

यातायात विभाग के प्रवक्ता ने कहा, "यात्रियों को मौसम में सुधार और सड़क साफ होने तक राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-44 का इस्तेमाल न करने की सलाह दी जाती है।"

मौसम विभाग ने दी है चेतावनी

मौसम विभाग ने आठ से 11 मई के बीच जम्मू-कश्मीर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने, मेघ गर्जन के साथ बौछारें पड़ने और तेज हवा चलने का पूर्वानुमान जताया है। इसके बाद 12 मई को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या मेघ गर्जन के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।

मौसम विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘‘कुछ संवेदनशील स्थानों पर तेज बारिश से भूस्खलन हो सकता है।’’

उन्होंने 13 मई से मुख्य रूप से जम्मू संभाग में दिन के तापमान में बढ़ोतरी की संभावना भी जताई है।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article