राजस्थान निकाय चुनाव में BJP का जलवा, 4,179 वार्डों में जीत के साथ कई नगर निगमों पर जमाया कब्जा, कांग्रेस 3,613 वार्ड तक सिमटी

Rajasthan Urban Local Body Election Results 2026: राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव के नतीजों में भाजपा ने कांग्रेस पर बढ़त बनाते हुए सबसे ज्यादा वार्डों में जीत दर्ज की है, हालांकि कई शहरों में निर्दलीयों ने भी मजबूत प्रदर्शन किया। जयपुर, उदयपुर, कोटा और भीलवाड़ा में भाजपा ने बहुमत हासिल किया, जबकि बीकानेर में कांग्रेस ने बाजी मारी और जोधपुर में दोनों दल बराबरी पर रहे।

Rajasthan Urban Local Body Election Results 2026: राजस्थान के शहरी निकाय चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस पर बढ़त बनाते हुए 4,179 वार्ड में जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस ने 3,613 वार्ड जीते। भाजपा ने राज्य के 10 नगर निगमों में से चार में स्पष्ट बहुमत हासिल किया। कांग्रेस ने बीकानेर नगर निगम में बहुमत हासिल किया और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के राजनीतिक गढ़ माने जाने वाले झालावाड़ नगर परिषद में भी उसने उल्लेखनीय जीत दर्ज की। निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी मजबूत प्रदर्शन करते हुए राज्य में 2,273 वार्ड जीते।

Rajasthan Urban Local Body Election Results 2026

राजस्थान निकाय चुनाव रिजल्ट 2026 (फोटो- Meta AI)

भाजपा 20 और कांग्रेस सात वार्ड पर विजयी रहे

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में निर्दलीयों ने 65 में से 36 वार्ड जीतकर चुनाव परिणाम में बड़ी भूमिका निभाई। भाजपा 20 और कांग्रेस सात वार्ड पर विजयी रहे। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने एक-एक वार्ड में जीत दर्ज की। राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, मतगणना वाले 10,244 वार्ड में से रात साढ़े आठ बजे तक 10,235 के परिणाम घोषित किए जा चुके थे। भाजपा के 4,179 और कांग्रेस के 3,613 वार्ड के अलावा आरएलपी ने 63, आम आदमी पार्टी (आप) ने 42, माकपा ने 38, बसपा ने 19 और भारत आदिवासी पार्टी ने आठ वार्ड जीते। भाजपा ने जयपुर, उदयपुर, कोटा और भीलवाड़ा नगर निगमों में बहुमत का आंकड़ा पार किया, जबकि कांग्रेस ने बीकानेर में बहुमत हासिल किया।

End of Feed