Rajasthan Railway Track Blast: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर हुए ब्लास्ट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के गुरदासपुर निवासी देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, जिला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के संयुक्त इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। यह धमाका 3 नवंबर को 50 जीबी गांव के पास हुआ था।
अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे ब्लास्ट की जांच तेज
IG और SP खुद कर रहे आरोपियों से पूछताछ
अधिकारियों ने बताया कि श्रीगंगानगर पुलिस ने सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर मामले की जांच की। इसके बाद देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इस घटना में शामिल होने या कथित विस्फोट को अंजाम देने में मदद करने वाले कुछ संदिग्ध लोगों को भी हिरासत में लिया है। बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) ओमप्रकाश और श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक (SP) हरिशंकर खुद आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। पूरे मामले की जांच IPS अधिकारी नितिन चौधरी कर रहे हैं।
घटना का RDX से कोई संबंध नहीं
गौरतलब है कि 3 नवंबर को श्रीगंगानगर जिले में 50 जीबी गांव के पास अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर संदिग्ध विस्फोट हुआ था। इसमें रेलवे ट्रैक को सहारा देने वाले दो सीमेंट के पिलर क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने सीमा क्षेत्र में हाल ही में बरामद 7.5 किलोग्राम RDX से विस्फोट का संबंध होने की आशंका को खारिज किया था। श्रीगंगानगर के SP हरिशंकर ने पहले कहा था, "अब तक जब्त किए गए RDX से इस घटना का कोई संबंध नहीं है।" फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका और विस्फोट के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश जारी है।
