शहर

अनोखा परिवार सात साल से अंधेरे में काट रहा जीवन, पड़ोसी के घर में चार्ज होता है फोन; जानें क्यों?

राजस्थान के पाली जिले के आउवा गांव में एक परिवार पिछले सात साल से बिना बिजली के रह रहा है। घर के आंगन में बिजली का तार गिरने से हुए हादसे के बाद परिवार के मुखिया ने डर के कारण बिजली का कनेक्शन ही कटवा दिया। परिवार अब अपना फोन भी पड़ोस में चार्ज करते हैं।

Image

करंट फैलने के डर से बिजली कनेक्शन ही कटवा दिया

आज के आधुनिक युग में जब इलेक्ट्रिसिटी हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन गई है। जब बिजली के उपकरणों के बीना जीवन मध्य युग की तरह लगने लगता है। जब कई लोगों के लिए स्मार्टफोन के बिना जीना, कोरी कल्पना मात्र है। ऐसे में क्या आप सोच सकते हैं कि 9 लोगों का एक परिवार बिना बिजली कनेक्शन के रह रहा है। वह भी पूरे सात साल से और भीषण गर्मी के लिए मशहूर राजस्थान में। जहां गर्मी में कई बार बिना पंखे के ऐसे लगता है कि प्राण उखड़ जाएंगे।

लेकिन ये कहानी नहीं, सच्ची घटा है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान में पाली जिला मुख्यालय से लगभग 50 किमी दूर एक गांव के परिवार की यही हकीकत है। जब बिना बिजली के जीवन असंभव लगता है, तब यह परिवार यानी पति-पत्नी और 7 बच्चे बिना लाइट कनेक्शन के सात साल से जीवन यापन कर रहे हैं। ऐसा नहीं है कि सरकार ने उन्हें बिजली का कनेक्शन नहीं दिया है। बल्कि यह परिवार के मुखिया के कहने पर बिजली का कनेक्शन कटवा दिया गया।

दरअसल एक हादसे ने इस परिवार की जिंदगी बदल दी, वरना सात साल पहने उनके घर में भी बिजली थी और रात को घर चकाचौंध भी होता था। अब यह परिवार 7 साल से बिना बिजली के जीवन यापन कर रहा है। यह परिवार रात को घर से बाहर सोता है और उनके पास जो फोन है, उसे पड़ोसी के घर पर चार्ज किया जाता है। पत्नी का कहना है कि गर्मी लगती है, रात को डर भी लगता है, लेकिन सात साल पहले हुए हादसे के बाद परिवार ने तय किया कि बिजली इस्तेमाल नहीं करेंगे।

यह कहानी ऐतिहासिक आउवा गांव की है। साल 1857 की क्रांति के संबंध में यह गांव काफी मशहूर है। गांव में 45 साल के सालाराम पुत्र फूलाराम भी अपनी पत्नी डिंपल और 7 बच्चों के साथ रहते हैं। सालाराम का घर मजदूरी से चलता है। सालाराम बताते हैं कि 7 साल पहले उनके घर में बिजली का कनेक्शन था। एक दिन बिजली का तार घर के आंगन में गिर गया और पूरे घर में करंट फैल गया। उन्होंने बताया कि वह पीछे के कमरों में थे। तार गिरने से आंगन में करंट फैल गया था, लाइटमैन को बुलाकर इसे ठीक किया गया।

सालाराम बताते हैं कि उस दिन के बाद बिजली को लेकर उनके मन में डर बैठ गया। वह बताते हैं कि उस दिन वह घर पर थे, इसलिए परिवार का बचाव हो गया। वह कहते हैं कि मैं यही सोचकर कांप जाता हूं कि अगर उस दिन मैं घर पर नहीं होता तो, मेरा पूरा परिवार खत्म हो सकता था। सालाराम कहते हैं, इस हादसे के बाद उन्होंने बिजली का कनेक्शन कटवा दिया और फिर पूरे परिवार ने बिना बिजली के जीना सीखा।

सालाराम की पत्नी डिंपल का कहना है कि अब तो उन्हें बिना बिजली के आदत पड़ गई है। वह बताती हैं कि शाम ढलने से पहले ही वह खाना बना लेती हैं। बताया कि कभी-कभी मच्छर काटते हैं। लाइन नहीं होने के कारण बच्चों को शाम ढलने के बाद पढ़ने और होमवर्क में दिक्कत होती है। बच्चे दीपक जलाकर पढ़ाई करते हैं और शाम का खाना भी दीपक की रोशनी में ही बनता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article