Rajasthan Weather: लगभग 2 हफ्ते के ब्रेक के बाद राजस्थान में मानसून फिर से एक्टिव हो चुका है। सोमवार से ही राज्य के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राजस्थान में मानसून एक्टिव हुआ है। आज यानी बुधवार 22 जुलाई को मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने राज्य के चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और शेष सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 25 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
Monsoon की इस सक्रियता का सबसे बड़ा असर उदयपुर में देखने को मिल रहा है। शहर में आज सुबह लगभग एक घंटे तक हुई तेज बारिश को इस सीजन की सबसे तेज बारिश माना जा रहा है। लगातार बारिश से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। वहीं जयपुर, कोटपूतली-बहरोड़, पाली, अजमेर और अन्य जिलों में भी रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है।
कालीसिंध बांध के गेट खोले गए
हाड़ौती क्षेत्र में भारी बारिश के कारण परवन, कालीसिंध सहित कई नदियां उफान पर हैं। झालावाड़ के मनोहरथाना में परवन नदी का जलस्तर बढ़ने से एक छोटा पुल और मंदिर का हिस्सा जलमग्न हो गया। मध्य प्रदेश के कैचमेंट इलाकों में हो रही बारिश के कारण कालीसिंध बांध का एक गेट खोलकर करीब 426 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
24 घंटे में बारां में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश बारां जिले के छीपाबड़ौद में 130 मिमी और कोटा के सुल्तानपुर में 101 मिमी दर्ज की गई। हनुमानगढ़, बूंदी, अलवर, करौली, झुंझुनूं, सवाई माधोपुर, दौसा, टोंक, नागौर, भरतपुर और श्रीगंगानगर सहित कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई।
39.6 डिग्री के साथ जैसलमेर सबसे गर्म शहर
लगातार बारिश का असर यहां के तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है। अलवर, सीकर, पिलानी, अजमेर, चूरू, जयपुर और श्रीगंगानगर सहित कई शहरों में अधिकतम तापमान 4 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। लगभग दो हफ्ते बाद राज्य के किसी भी शहर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज नहीं हुआ। हालांकि, जैसलमेर 39.6 डिग्री सेल्सियस के साथ मंगलवार को सबसे गर्म शहर रहा।
कोटपूतली में तीन दिन से लगातार बारिश
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में लगातार तीसरे दिन बारिश जारी रही। पिछले तीन दिनों में यहां 94 मिमी बारिश हुई है, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग-48 की सर्विस लेन, मुख्य बाजारों और कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। स्कूली बच्चों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हुई।
मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से मिल रही लगातार नमी के चलते अगले तीन से चार दिनों तक राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और निचले इलाकों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
