शहर

मुंबई में मानसून का जोर, कई इलाकों में भारी बारिश के आसार; ठाणे-पालघर में ऑरेंज अलर्ट, समुद्र से रहें दूर

मुंबई और आसपास के इलाकों में आज सुबह बारिश देखने को मिली। IMD ने बुधवार को मुंबई के लिए येलो अलर्ट और ठाणे-पालघर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

Image

मुंबई में बारिश का अलर्ट

Photo : ANI

Mumbai Rain News: मुंबई और आसपास के इलाकों में मानसून एक्टिव बना हुआ है। आज सुबह मायानगरी के अलग-अलग इलाकों में बारिश देखने को मिली, जिससे मौसम पूरी तरह बदल गया है। बारिश के बीच समुद्र में ऊंची लहरें भी उठ रही हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बुधवार को बारिश को लेकर मुंबई में येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि ठाणे और पालघर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट है। मौसम विभाग ने कई जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।

समुद्र में ऊंची लहरों का अलर्ट

बारिश और तेज हवाओं के चलते समुद्र में ऊंची लहरें उठने की भी संभावना है। बुधवार सुबह समुद्र में लगभग 2.53 मीटर ऊंची लहरें उठने का अनुमान है। ऐसे में लोगों को समुद्र तटों से दूर रहने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

आज कैसा रहेगा मुंबई का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को मुंबई में दिनभर घने काले बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है, जबकि दिन में रुक-रुक कर हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं शाम और रात के समय भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है।

ठाणे और पालघर में ऑरेंज अलर्ट

आईएमडी ने ठाणे और पालघर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से बिना वजह यात्रा करने से बचने और मौसम से जुड़ी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

बारिश और तेज हवाओं से शहर को नुकसान

लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण मुंबई में कई जगहों पर पेड़ गिरने और शाखाएं टूटने की घटनाएं सामने आई हैं। नगर निगम के अनुसार, 22 जून से 17 जुलाई के बीच शहर में 902 पेड़ उखड़ गए और 1,275 पेड़ों की शाखाएं टूटकर गिरीं। नगर निगम की टीमों ने 3,841 स्थानों पर मलबा हटाने और पेड़ों की छंटाई करने का काम पूरा किया है।

रेल सेवाओं पर पड़ा असर

पश्चिम रेलवे ने बताया कि वापी-उदवाड़ा सेक्शन में भारी बारिश की वजह से डाउन दिशा की कई ट्रेनें कम स्पीड से चलाई जा रही हैं, जिससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि चर्चगेट-दहानू और महिम-गोरेगांव हार्बर लाइन पर सुबह तक लोकल ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों, पुराने भवनों और कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। साथ ही जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और मौसम विभाग व नगर निगम की आधिकारिक एडवाइजरी पर नजर बनाए रखने की अपील की है। अगले कुछ दिनों तक मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article