शहर

राजस्थान का मौसम (29 Jan 2026) Rajasthan Weather Today: राजस्थान में फिर लौटी कड़ाके की ठंड; 12 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट, जल्द होगी झमाझम बारिश

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 29 Jan 2026: राजस्थान में पिछले दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब कड़ाके की सर्दी ने एक बार फिर अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। उत्तर भारत की ओर से आ रही बर्फीली हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए कड़ाके की ठंड और बारिश का दोहरा अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं राजस्थान के मौसम का हाल।

Image

राजस्थान में 48 घंटे बाद फिर पलटेगा मौसम

Photo : Times Now Digital

राजस्थान में आज का मौसम (29 Jan 2026): राजस्थान में हालिया बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर सर्द हो गया है। कई इलाकों में ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण सुबह और शाम के साथ-साथ दिन में भी ठिठुरन महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने गुरुवार को भी राज्य के 10 जिलों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही कुछ हिस्सों में हल्की शीतलहर का असर बने रहने की संभावना जताई गई है।

कोहरे और सर्द हवाओं ने बढ़ाई परेशानी

बीते 24 घंटों में श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं और अलवर समेत कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिला। वहीं बीकानेर, जैसलमेर, फलोदी, जोधपुर और नागौर बेल्ट में धुंध और हल्का कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर दृश्यता बेहद कम रही, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ। सर्द हवाओं के चलते अधिकतर शहरों में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।

पाली सबसे ठंडा, तापमान में तेज गिरावट

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में ठंड का असर साफ नजर आया। पाली बुधवार को सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। बीते 24 घंटों में यहां रात के तापमान में करीब छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं कोटा में दिन का अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से काफी कम है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आर्द्रता का स्तर 30 से 65 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया।

31 जनवरी से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 29 और 30 जनवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, हालांकि उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ जिलों में सुबह के समय कोहरा बना रह सकता है। लेकिन 31 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से जयपुर, बीकानेर और भरतपुर संभाग के कई इलाकों में बादल छाने, आंधी चलने और हल्की बारिश के साथ ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। इसका असर 1 फरवरी तक पूर्वी राजस्थान में देखने को मिल सकता है।

ठंड का असर अभी रहेगा कायम

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हालिया पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद भी ठंड पूरी तरह से कमजोर नहीं हुई है। आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। सुबह-शाम की ठंड और कोहरे को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article