शहर

राजस्थान का मौसम (26 Feb 2026) Rajasthan Weather Today: राजस्थान में गर्मी का 'ट्रेलर', बाड़मेर में पारा 36 डिग्री पार; होली तक 'लू' चलने की आशंका

राजस्थान का मौसम (राजस्थान में आज का मौसम कैसा रहेगा) 26 Feb 2026: राजस्थान में सर्दी का असर खत्म हो गया है और बाड़मेर में पारा 36.3 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने होली तक तापमान 40 डिग्री होने और लू चलने की चेतावनी दी है, यानी पहली हीटवेव की चेतावनी होली तक आ सकती है। आइए जानते हैं राजस्थान के मौसम का हाल।

Image

राजस्थान में बढ़ी गर्मी

Photo : Times Now Digital

राजस्थान में आज का मौसम (26 Feb 2026): मरूधरा अब धधकने के लिए तैयार है। प्रदेश से कड़ाके की सर्दी की विदाई हो चुकी है और सूरज के तल्ख तेवरों ने फरवरी के अंत में ही मई-जून जैसा अहसास कराना शुरू कर दिया है। आलम यह है कि राजस्थान के अधिकांश जिलों में पारा 30 डिग्री के पार निकल गया है, वहीं सरहदी जिले बाड़मेर में तो गर्मी ने अभी से पसीने छुड़ाने शुरू कर दिए हैं।

बाड़मेर में पारा 36 डिग्री के पार

राजस्थान में इस समय बाड़मेर सबसे गर्म भट्टी बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में यहां का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर जैसे पश्चिमी जिलों में भी गर्मी का प्रचंड रूप देखने को मिल रहा है, जहां पारा 33 से 35 डिग्री के बीच झूल रहा है। मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले दिनों में पश्चिमी राजस्थान में 'एंटीसाइक्लोनिक सिस्टम' बनने से लू (Heatwave) जैसे हालात बन सकते हैं।

राजधानी जयपुर सहित 27 जिलों में 'हीट अलर्ट'

केवल रेगिस्तानी इलाके ही नहीं, बल्कि जयपुर, अजमेर, कोटा और भीलवाड़ा जैसे शहर भी सूरज की तपिश से तप रहे हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं शेखावाटी के चूरू और सीकर में भी अब दिन में धूप चुभने लगी है। राहत की बात केवल सुबह और देर शाम की है, जब हल्की ठंडक महसूस होती है, लेकिन दोपहर होते-होते आसमान से आग बरसने लगती है।

लूणकरनसर सबसे ठंडा, माउंट आबू में सुहाना मौसम

एक तरफ जहां बाड़मेर तप रहा है, वहीं बीकानेर के लूणकरनसर में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। पहाड़ी पर्यटन स्थल माउंट आबू में अभी भी मौसम खुशनुमा बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 25.2 डिग्री के आसपास है। हालांकि, मैदानी इलाकों में अब रातें भी गर्म होने लगी हैं; जयपुर और बाड़मेर का न्यूनतम पारा 18-19 डिग्री तक पहुंच गया है।

होली तक 40 डिग्री छू सकता है पारा

मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, आगामी एक सप्ताह तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 4 डिग्री की और बढ़ोतरी होगी। आशंका जताई जा रही है कि होली के त्यौहार तक राजस्थान के कुछ हिस्सों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हवा में नमी कम होने (15-35%) के कारण डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है, इसलिए स्वास्थ्य विभाग ने दोपहर में बाहर निकलते समय सावधानी बरतने और अधिक पानी पीने की सलाह दी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article