राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 4 June 2026): राजस्थान में मई के महीने में जिस तरह की प्रचंड गर्मी और Heatwave का प्रकोप था, वैसा अब देखने को नहीं मिल रहा है। हाल में आए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते आई आंधी और बारिश के कारण तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। अब कल यानी बुधवार 3 जून से एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने और साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से फिर आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया है। इसी सिस्टम के चलते झीलों की नगरी उदयपुर में बुधवार दोपहर साढ़े तीन बजे के बाद बारिश हुई और डुंगरपुर में ओले गिरे।
जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने आज यानी गुरुवार 4 जून को राजस्थान के 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर और सिरोही जिलों को छोड़कर बाकी सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि बीकानेर बुधवार को राजस्थान का सबसे गर्म शहर रहा, यहां पारा 43.6 डिग्री तक चढ़ गया।
तेज हवाओं के साथ होगी बारिश
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार बुधवार को एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो चुका है। इसके प्रभाव में जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर और अजमेर संभाग के कई हिस्सों में 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ आ सकते हैं। इसके अलावा कहीं-कहीं पर तेज बारिश होने की भी संभावना है।
बुधवार 3 जून को राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ और गर्मी व उमस दिनभर बनी रही। बीकानेर में पारा 43.6 डिग्री तक चढ़ा, जबकि जैसलमेर में 43.4 और श्रीगंगानगर में तापमान 43.3 डिग्री रहा। कल से आज सुबह तक पिछले 24 घंटे में उदयपुर और सिहोरी जिलों के साथ ही आसपास के इलाकों में घने बाददल छाए रहे। कई जगहों पर हल्की से मध्यम स्तर की बारिश भी हुई। धौलपुर, सवाई माधोपुर, दौसा, करौली और भरतपुर में भी शाम को मौसम ने करवट ली।
जयपुर और उदयपुर का मौसम
राजधानी जयपुर में कल दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहे। धूप कम थी, लेकिन तापमान 39.5 डिग्री तक गया। शाम को ग्रामीण इलाकों में हल्की बारिश भी हुई। उदयपुर में दोपहर को मौसम ने अचानक करवट ली और बारिश के कारण भीषण गर्मी से राहत मिली। शहर का अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री रहा।
जोधपुर और अजमेर में कितना रहा तापमान
बुधवार को जोधपुर में दिनभर गर्मी रही। यहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक गया। अजमेर के तापमान में भी मंगलवार के मुकाबले बुधवार को बढ़ोतरी हुई। यहां का अधिकतम तापमान 39 डिग्री रहा। एजुकेशन सिटी कोटा में बुधवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री रहा, दोपहर के समय तेज धूप और Heatwave का एहसास हुआ, जिससे सड़कों पर वीरानी सी झा गई। हालांकि, शाम को कुछ हिस्सों में आंधी से तापमान में गिरावट देखने को मिली।
अलवर, सीकर में कई दिनों बाद चढ़ा पारा
अलवर में बुधवार के दिन मौसम साफ रहा, तेज धूप के चलते तापमान में बढ़ोतरी हुई। बुधवार को पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पिछले पांच दिनों से तापमान में गिरावट आ रही थी। सीकर के तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को यहां तापमान तीन दिन बाद 40 डिग्री से ऊपर यानी 41 डिग्री पहुंचा।
