राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 3 जून 2026): उत्तर और उत्तर-पश्चिमी भारत में ये मौसम प्रचंड गर्मी और Heatwave के लिए जाना जाता है। राजस्थान में एक के बाद एक भीषण गर्मी के दिन और वॉर्म नाइट्स से लोग परेशान रहते हैं। अभी एक हफ्ते पहले तक यही हालात थे भी। लेकिन एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस आया और सूरज की गर्मी शांत कर दी। तापमान सामान्य से नीचे आ गया और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई। अब आज यानी बुधवार 3 जून से राजस्थान में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव हो रहा है। इस पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में राज्य के 5 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। यही नहीं पांच राज्यों में येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है।
तेज हवाएं और ओले गिराएंगे तापमान
मौसम विभाग की तरफ से राज्य में आज 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है। जबकि पिछले 24 घंटे में राज्य के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहा और कल यानी मंगलवार 2 जून को लगभग सभी जिलों में धूप खिली रही, लेकिन तापमान नियंत्रण में रहा। आज एक्टिव हो रहा वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 6 जून तक एक्टिव रहेगा और इस दौरान लोगों को प्रचंड गर्मी और Heatwave से राहत रहेगी।
पश्चिमी राजस्थान में तापमान 40 पार
मंगलवार को पश्चिमी राजस्थान के रेगिस्तानी जिलों जैसलमेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर के साथ ही फलोदी में अधिकतम तापमान 40-43 डिग्री सेल्सियस के बीच तर्ज किया गया। राज्य के अन्य जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहा।
जयपुर, जोधपुर, बीकानेर में आंधी
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में आज बुधवार को राजधानी जयपुर के साथ ही भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर के कुछ हिस्सों में आंधी के साथ बारिश भी हो सकती है। अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में अंधड़ (70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं) और बारिश की संभावना है। मौसम की इस चाल के चलते अधिकतम तापमान भी कम रहेगा। मंगलवार को जयपुर में आसमान साफ रहा, लेकिन धूप कमजोर रही। इसके चलते राजधानी में पारा सामान्य से 5 डिग्री नीचे रहा। गुबाबी नगरी में कल पारा 35.6 डिग्री तक गया, लेकिन उमस से लोग परेशान रहे।
उदयपुर-अलवर का हाल
झीलों की नगरी उदयपुर में पिछले चार दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है, जबकि 28 मई को यहां अधिकतम तापमान 41.9 डिग्री सेल्सियस था। अलवर में भी पिछले 5 दिनों से मौसम का अंदाज बदला हुआ है। यहां सोमवार देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही। कल यानी मंगलवार सुबह भी जिले के कुछ इलाकों में बारिश हुई। लगातार बारिश होने से जिले के तापमान में गिरावट आई है। मंगलवार को यहां अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
सीकर-अजमेर में क्या है मौसम का हाल
सीकर में भी मंगलवार को अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिली। यहां अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री रहा, जबकि एक दिन पहले यहां तापमान 38 डिग्री था। उधर अजमेर में कल का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री रहा। तापमान में गिरावट होने पर गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है। मौसम विभाग के मुताबिक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते आगे भी हल्की बारिश और आंधी का दौर जारी रहेगा।
कोटा और जोधपुर में पारा धड़ाम
कोटा में भी मंगलवार को मौसम सुहावना बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि दिन और रात के तापमान में करीब 15 डिग्री सेल्सियस का अंदर देखने को मिला। जोधपुर में मंगलवार को आंधी-बारिश का अलर्ट था, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ और मौसम साफ बना रहा। हालांकि, सोमवार को हुई बारिश के चलते तापमान में 4 डिग्री की गिरावट देखने को मिली। जोधपुर में मंगलवार तो तापमान 38 डिग्री रिकॉर्ड हुआ, जबकि सोमवार को पारा 41 डिग्री तक चढ़ा था।
